कपिल देव की अध्यक्षता वाली समिति चुनेगी टीम इंडिया का अगला कोच

कपिल देव की अध्यक्षता वाली समिति चुनेगी टीम इंडिया का अगला कोच

कपिल देव

नई दिल्ली/भाषा। विश्व कप विजेता पूर्व कप्तान कपिल देव की अध्यक्षता वाली क्रिकेट सलाहकार समिति को भारतीय क्रिकेट टीम का अगला कोच चुनने की जिम्मेदारी दी गई है जिसके लिए इंटरव्यू अगस्त के मध्य में होने की संभावना है। प्रशासकों की समिति ने बैठक के दौरान यह फैसला लिया।

Dakshin Bharat at Google News
कपिल के अलावा समिति में भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान शांता रंगास्वामी और पुरुष टीम के पूर्व कोच अंशुमान गायकवाड़ शामिल हैं। इस समिति का गठन हालांकि सिर्फ भारत के लिए अगला कोच चुनने के मकसद से किया गया है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि हितों के टकराव का कोई मसला नहीं हो।

कपिल और रंगास्वामी भारतीय क्रिकेटर संघ के गठन से जुड़े हैं और आचरण अधिकारी डीके जैन अब तय करेंगे कि उनकी भूमिकाओं में हितों का टकराव है या नहीं। सीओए प्रमुख विनोद राय ने बैठक के बाद कहा, ये तीनों पुरुष टीम के कोच का चयन करेंगे। यह तदर्थ समिति नहीं है लेकिन यह सब हितों के टकराव का मसला है। उम्मीदवारों के इंटरव्यू अगस्त के मध्य में लिए जाएंगे।

यह पूछने पर कि क्या कप्तान विराट कोहली की भी इसमें भूमिका होगी, राय ने ना में जवाब दिया। बोर्ड के संविधान के तहत सीएसी की नियुक्ति बीसीसीआई एजीएम में ही हो सकती है जो 22 अक्टूबर को होगी। राय ने कहा, यह समिति सिर्फ भारत के अगले कोच का चयन करेगी और यह पूरी तरह वैधानिक है। इसी समिति ने महिला टीम का कोच भी चुना था जिसके बाद सीओए में मतभेद हो गए थे जब डायना एडुल्जी ने इसे असंवैधानिक बताया था। अभी उन्होंने पुरुष टीम के कोच की नियुक्ति प्रक्रिया के बारे में कुछ नहीं कहा है।

भारत के निवर्तमान कोच रवि शास्त्री को वेस्टइंडीज दौरे के अंत तक कार्यकाल में विस्तार दिया गया है। सीओए क्रिकेट सलाहकार समिति के मूल सदस्यों सौरव गांगुली और वीवीएस लक्ष्मण के हितों के टकराव के मसले पर उच्चतम न्यायालय के फैसले का इंतजार कर रहा है। दोनों को कमेंट्री समेत क्रिकेट में अपनी विभिन्न भूमिकाओं में से एक का चयन करने को कहा गया है। सीएसी को ही मुख्य कोच चुनने का अधिकार है लेकिन गांगुली, लक्ष्मण और सचिन तेंदुलकर के भविष्य को लेकर कोई स्पष्टता नहीं है। कपिल देव की अगुवाई वाली समिति कोच का चयन करेगी।

Tags:

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download