हो गई घोषणा, प. बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुड्डुचेरी में इस दिन होगा मतदान
17.4 करोड़ मतदाता 824 विधायकों को चुनने के लिए मतदान करने के पात्र हैं
Photo: ECI FB Page
नई दिल्ली/दक्षिण भारत। निर्वाचन आयोग ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुड्डुचेरी में विधानसभा चुनावों की घोषणा कर दी। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि प. बंगाल में दो चरणों- 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा। मतगणना 4 मई को होगी। इसी तरह तमिलनाडु में एक चरण में 23 अप्रैल को मतदान होगा। यहां भी मतगणना 4 मई को कराई जाएगी।
असम में एक ही चरण में 9 अप्रैल को मतदान होगा। वहीं, 4 मई को नतीजे घोषित किए जाएंगे। केरल में भी एक चरण में 9 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। मतों की गिनती 4 मई को होगी। पुड्डुचेरी में एक चरण में 9 अप्रैल को मतदान प्रक्रिया संपन्न होगी। उसके बाद मतगणना के लिए 4 मई को ईवीएम खोली जाएगी।मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम और केरल और पुड्डुचेरी में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों में कुल 17.4 करोड़ मतदाता 824 विधायकों को चुनने के लिए मतदान करने के पात्र हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने यह भी कहा कि चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में 2.19 लाख मतदान केंद्रों पर वोटिंग होगी। निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव सुनिश्चित करने के लिए 25 लाख चुनाव अधिकारी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे।
उन्होंने दो चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी के साथ कहा, '824 निर्वाचन क्षेत्रों वाली पांच विधानसभाओं के चुनावों में कुल 17.4 करोड़ मतदाता वोट डालने के पात्र हैं।'


