ओडिशा में फेनी चक्रवात से 12 लोगों की गई जान, राहत कार्य जारी
ओडिशा में फेनी चक्रवात से 12 लोगों की गई जान, राहत कार्य जारी
भुवनेश्वर/भाषा। चक्रवाती तूफान ‘फेनी’ से ओडिशा में कम से कम 12 लोगों की मौत हुई है। तूफान के दस्तक देने के एक दिन बाद शनिवार को राज्य के लगभग 10,000 गांवों और शहरी क्षेत्रों में युद्धस्तर पर राहत कार्य शुरू किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चले इस अत्यंत भयंकर चक्रवाती तूफान की वजह से शुक्रवार को पुरी में तेज बारिश और आंधी आई। तूफान के कमजोर पड़ने और पश्चिम बंगाल में प्रवेश करने से पहले इसकी चपेट में आए कस्बों और गांवों में बहुत से घरों की छतें उड़ गईं और कई घर पूरी तरह से तबाह हो गए।#Odisha: Visuals from Balarampur village, Jagatsinghpur. #CycloneFani hit the region, yesterday. pic.twitter.com/uPOQ5RjrHv
— ANI (@ANI) May 4, 2019
अधिकारियों ने कहा कि आपदा के कारण मरने वालों की संख्या शुक्रवार को आठ थी, जो मयूरभंज जिले में चार और लोगों के मारे जाने के बाद बढ़कर 12 हो गई। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों से विस्तृत जानकारी आनी अभी बाकी है।
मयूरभंज जिले के आपात अधिकारी एसके पति ने कहा, बारीपदा में अलग-अलग स्थानों पर पेड़ गिरने से चार लोगों की मौत हुई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से बात की और तटीय राज्य में चक्रवात आने के बाद की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने राज्य सरकार को आश्वासन दिया कि केंद्र की तरफ से राज्य को लगातार सहायता मिलती रहेगी।


