जम्मू में पुल ढहा: मलबे से 3 शव और एक घायल व्यक्ति को निकाला गया

जांच के आदेश दिए गए

जम्मू में पुल ढहा: मलबे से 3 शव और एक घायल व्यक्ति को निकाला गया

Photo: PixaBay

जम्मू/दक्षिण भारत। जम्मू के बाहरी इलाके में 12 घंटे तक चले तलाशी अभियान के दौरान बचाव कर्मियों ने आंशिक रूप से ढहे एक पुराने पुल के मलबे से तीन शव और एक घायल व्यक्ति को बाहर निकाला। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

Dakshin Bharat at Google News
शुक्रवार को बंतलाब के थुथर इलाके में पुल का एक हिस्सा ढहने के कुछ ही देर बाद, एक घायल मज़दूर को बचा लिया गया।

उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी आधी रात को घटनास्थल पर पहुंचे और दो इंजीनियरों को निलंबित करने का आदेश दिया। सरकार ने इस घटना की जांच के लिए एक समिति भी गठित की है।

अधिकारियों के अनुसार, मज़दूर पुल पर रिटेनिंग वॉल और नींव डालने का काम कर रहे थे, जो पिछले साल अचानक आई बाढ़ में क्षतिग्रस्त हो गया था। अचानक उसका एक हिस्सा ढह गया, जिससे चार मज़दूर उसमें फंस गए।

पुलिस, सेना, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल और अग्निशमन तथा आपातकालीन विभाग ने तत्काल बचाव अभियान शुरू कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि बचाव दलों ने सबसे पहले एक मज़दूर को बाहर निकाला, जिसकी पहचान तरसेम लाल के रूप में हुई।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि खोज और बचाव अभियान आज सुबह समाप्त हो गया। घटनास्थल से तीन शव बरामद किए गए हैं। दो अन्य लोगों को घायल अवस्था में बचाया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि 12 घंटे तक चले तलाशी अभियान के दौरान शव बरामद किए गए। यह अभियान पूरी रात फ्लडलाइट्स की रोशनी में चलता रहा।

घायल दो लोगों में फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज विभाग के डिविजनल फायर ऑफिसर मोहम्मद जफ़र भी शामिल थे, जिन्हें बचाव अभियान के दौरान एक चट्टान से चोट लगी थी। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उपमुख्यमंत्री चौधरी को आधी रात को घटनास्थल पर पहुंचने के बाद घटना के बारे में जानकारी दी गई।
 
उन्होंने पत्रकारों से कहा, 'मैंने सहायक अधिशासी अभियंता और कनिष्ठ अभियंता को निलंबित करने का आदेश दिया है। मैंने इंजीनियर-इन-चीफ को अधिशासी अभियंता को अटैच करने के निर्देश भी जारी किए हैं।'

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download