कटक: अस्पताल में आग लगने से 10 मरीज़ों की मौत, मुख्यमंत्री ने जांच के निर्देश दिए

11 कर्मचारी भी हुए घायल

कटक: अस्पताल में आग लगने से 10 मरीज़ों की मौत, मुख्यमंत्री ने जांच के निर्देश दिए

Photo: MohanMOdisha FB Page

कटक/दक्षिण भारत। ओडिशा सरकार द्वारा संचालित एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की आईसीयू में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से कम से कम 10 मरीजों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने, जो तुरंत अस्पताल पहुंचे, ने कहा कि मरीजों को सुरक्षित निकालते समय लगभग 11 अस्पताल कर्मचारी घायल हो गए।

Dakshin Bharat at Google News
मुख्यमंत्री ने बताया कि ट्रॉमा केयर आईसीयू तथा उससे लगे आईसीयू और वार्ड में कुल 23 मरीज भर्ती थे। आग लगने की घटना में सात मरीजों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मरीजों की निकासी के दौरान जलने या दम घुटने से मौत हो गई।

माझी ने पत्रकारों से कहा, 'इस घटना में कुल 10 मरीजों की मौत हुई है।' उन्होंने बताया कि आग संभवतः शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आग अस्पताल के ट्रॉमा केयर विभाग के आईसीयू में लगी, जहां गंभीर रूप से बीमार मरीजों का इलाज किया जा रहा था। 

माझी ने इस मामले में न्यायिक जांच की घोषणा भी की और फायर सर्विस के डीजी को मामले की जांच कर तुरंत उन्हें रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा, 'मैं फायर सर्विस के डीजी को निर्देश देता हूं कि वे स्वयं एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का दौरा करें और वहां अग्नि सुरक्षा नियमों के पालन को सुनिश्चित करें।'

मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि न्यायिक जांच की रिपोर्ट आने के बाद यदि इस घटना में कोई भी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि आग सुबह 2:30 से 3 बजे के बीच लगी। फायर सर्विस के कर्मी तुरंत अस्पताल पहुंचे और अभियान शुरू कर आग पर काबू पाया।

फायर सर्विस के अधिकारियों ने अस्पताल के स्टाफ, पुलिस और मरीजों के परिचारकों के साथ मिलकर आईसीयू में इलाज करा रहे मरीजों को सुरक्षित निकाला और उन्हें अन्य विभागों में स्थानांतरित किया। 

माझी ने स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग के साथ अस्पताल का दौरा किया और स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने उन मरीजों से भी मुलाकात की, जिनका यहां इलाज जारी है।

उन्होंने कहा, 'मैंने घायलों मरीजों और स्टाफ के उचित इलाज के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं।' उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिजन के लिए 25 लाख रुपए की आर्थिक सहायता की घोषणा की है। 

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download