छग भाजपा के 'शब्दबाण'- सरकार में रहकर कुछ नहीं करती कांग्रेस, इसकी घोषणाएं फर्जी

कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस द्वारा किसानों के लिए की गईं घोषणाओं पर भी सवाल उठाए

छग भाजपा के 'शब्दबाण'- सरकार में रहकर कुछ नहीं करती कांग्रेस, इसकी घोषणाएं फर्जी

Photo: @KedarKashyapBJP X account

रायपुर/दक्षिण भारत। छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की प्रेसवार्ता के बाद भाजपा ने विपक्षी दल पर खूब शब्दबाण छोड़े। कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने बैज द्वारा की गईं घोषणाओं को फर्जी करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की तरह ही कांग्रेस की घोषणाएं भी फर्जी हैं।

कश्यप ने कहा कि जिन लोगों ने पिछले पांच वर्षों में महिलाओं को वादे के मुताबिक 500 रुपए नहीं दिए, वे अब आठ हजार रुपए हर महीने देने की बात कर रहे हैं। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि इसी वजह से कांग्रेस हर जगह से खदेड़ी जा रही है।

कश्यप ने कांग्रेस द्वारा किसानों के हितों के लिए की गईं घोषणाओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के साथ न्याय की बात तो करती है, लेकिन जब उसने केंद्र में 10 साल लगातार राज किया तो किसानों को 4.4 लाख करोड़ रुपए का ही भुगतान किया। वहीं, मोदी सरकार में यह आंकड़ा 12 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा है।

कश्यप ने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस सरकार में होती है, तब कुछ नहीं करती, लेकिन विपक्ष में आते ही बड़ी-बड़ी बातें करने लग जाती है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में पिछले कांग्रेस शासन में युवाओं को नौकरी न मिलने, पीएससी घोटाला, 15 हजार करोड़ रु. का बेरोजगारी भत्ता न दिए जाने, परेशान युवाओं के प्रदर्शन करने जैसे मुद्दे उठाए। उन्होंने कांग्रेस पर 'अन्याय' का आरोप लगाते हुए उसकी घोषणाओं को हास्यास्पद बताया।

कश्यप ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पत्रकारों को यह नहीं बता पाए कि कितनी महिलाओं को सालाना एक लाख रुपए दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर देशभर में 50 करोड़ महिलाओं को भी यह राशि दी जाए तो 50 लाख करोड़ रुपए की जरूरत होगी, जो देश के एक साल के बजट के बराबर है। उन्होंने कांग्रेस की सभी घोषणाओं को फर्जी करार दिया।

Google News

About The Author

Post Comment

Comment List

Advertisement

Latest News