कांग्रेस और जद (एस) दिखावे के लिए दो दल, लेकिन दिल से एक: मोदी

प्रधानमंत्री ने कर्नाटक के चित्रदुर्ग में जनसभा को संबोधित किया

कांग्रेस और जद (एस) दिखावे के लिए दो दल, लेकिन दिल से एक: मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि कर्नाटक के लोगों को कांग्रेस और जद (एस), दोनों से सावधान रहना है

चित्रदुर्ग/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कर्नाटक के चित्रदुर्ग में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और जद (एस) पर हमला बोला। इस दौरान उन्होंने कहा कि आजादी के 'अमृतकाल' में कर्नाटक का यह पहला चुनाव है। यह चुनाव कर्नाटक को नंबर वन राज्य बनाने का चुनाव है। 

Dakshin Bharat at Google News
यह चुनाव तय करेगा कि आने वाले 25 वर्षों में कर्नाटक विकास की किस उंचाई पर होगा। कर्नाटक को हमें विकसित भारत की ड्राइविंग फोर्स बनाना है, ग्रोथ इंजन बनाना है। इसलिए भाजपा सरकार को दोबारा बनाना है, डबल इंजन की सरकार को लाना है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रदेश भाजपा की टीम को, कर्नाटक भाजपा के नेतृत्व को आज मैं सार्वजनिक रूप से बहुत-बहुत बधाई देता हूं। कल जो उन्होंने संकल्प पत्र घोषित किया है, यह बहुत ही अच्छा संकल्प पत्र लेकर आए हैं। इसमें कर्नाटक को देश का नंबर वन राज्य बनाने का रोड मैप है। इसमें आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का ब्लू प्रिंट है। इसमें महिलाओं के सशक्तीकरण पर जोर है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कर्नाटक के लोगों को कांग्रेस और जद (एस), दोनों से सावधान रहना है। कांग्रेस और जद (एस) दिखावे के लिए दो दल हैं, लेकिन दिल से और अपनी करतूतों से ये दोनों एक ही हैं। ये दोनों परिवारवादी हैं, दोनों भ्रष्टाचार को बढ़ावा देते हैं और दोनों समाज को बांटने की राजनीति करते हैं। इन दोनों दलों की प्राथमिकता कर्नाटक का विकास नहीं है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस-जद (एस) के कुशासन का प्रमाण है- अपर भद्रा इरिगेशन प्रोजेक्ट। इनको किसानों की चिंता नहीं थी, इसलिए इस प्रोजेक्ट को नजरअंदाज किया। भाजपा की डबल इंजन सरकार ने इस प्रोजेक्ट को पूरा करने का संकल्प लिया है। इसके लिए साढ़े पांच हजार करोड़ रुपए का बजट तय किया गया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा ने योजनाओं का सुरक्षा घेरा तैयार किया है। पहला सुरक्षा घेरा- पक्के घर, मुफ्त गैस कनेक्शन, हर घर जल का है। दूसरा सुरक्षा घेरा- गरीबों को मुफ्त राशन, भुखमरी से बचाव और पोषण का है।
 
तीसरा सुरक्षा घेरा- आरोग्य का है, मुफ्त इलाज और टीकाकरण का है। चौथा सुरक्षा घेरा- जनधन योजना और मुद्रा योजना के तहत दी गई लाखों करोड़ रुपए की मदद का है। पांचवां सुरक्षा घेरा- संकट के समय मदद का है, जीवन ज्योति योजना, अटल पेशन योजना, सुरक्षा बीमा योजना जैसे कवच का है। छठा सुरक्षा घेरा- बेहतर कानून व्यवस्था का है। सातवां सुरक्षा घेरा- हर समाज के हक को सुर​क्षित करने का है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस कभी भाजपा के विकास कार्यों का मुकाबला कर ही नहीं सकती। कांग्रेस ने वर्ष 2014 से पहले के 10 वर्षों में जितने मेडिकल कॉलेज बनाए, भाजपा सरकार ने उससे दोगुने मेडिकल कॉलेज सिर्फ नौ वर्षों में बना डाले।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों की एक और चिंता का समाधान किया है। हमारी सरकार मेडिकल से लेकर इंजीनियरिंग तक की पढ़ाई स्थानीय भाषा में कराने पर जोर दे रही है। इससे गांव—गरीब के युवाओं को विशेष लाभ होगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा ने किसानों के बच्चों की पढ़ाई के लिए 'रायता विद्या निधि' की शुरुआत की है। आदिवासी साथियों के लिए 400 से अधिक एकलव्य मॉडल स्कूल बनाए। कांग्रेस सरकार ने तो बच्चों की यूनिफॉर्म में भी घोटाला कर दिया था।

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का इतिहास आतंक और आतंकवादियों के तुष्टीकरण का है। जब दिल्ली में बाटला हाउस एनकाउंटर हुआ तो आतंकियों के मर जाने की खबर सुनकर कांग्रेस की सबसे बड़ी नेता की आंखों में आंसू आ गए थे। जब सर्जिकल स्ट्राइक और एयरस्ट्राइक हुई तो कांग्रेस ने देश की सेनाओं की सामर्थ्य पर ही सवाल खड़ा कर दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने अपनी वारंटी खो दी है। कांग्रेस की वारंटी खत्म हो चुकी है। कांग्रेस की विश्वसनीयता खो चुकी है। ऐसे में बिना वारंटी वाली कांग्रेस की गारंटी भी उतनी ही झूठी है। झूठी गारंटियों का कांग्रेस का ट्रैक रिकॉर्ड बहुत पुराना है।

About The Author

Related Posts

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download