ममता की करीबी रहीं पूर्व आईपीएस अधिकारी भारती घोष भाजपा में शामिल
ममता की करीबी रहीं पूर्व आईपीएस अधिकारी भारती घोष भाजपा में शामिल
नई दिल्ली/दक्षिण भारत डेस्क। पश्चिम बंगाल में चिटफंड घोटाला जांच और सीबीआई से तृणमूल सरकार के टकराव के बीच राज्य की एक पूर्व पुलिस अधिकारी भारती घोष भाजपा में शामिल हो गई हैं। पूर्व आईपीएस अधिकारी भारती को उनके सेवाकाल के दौरान ममता बनर्जी की बेहद करीबी माना जाता था। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, भाजपा के बंगाल प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय, मुकुल रॉय सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
भारती घोष द्वारा भाजपा का दामन थामने के बाद माना जा रहा है कि आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों के दौरान पार्टी नेतृत्व उन्हें अहम जिम्मेदारी दे सकता है। भारती पश्चिम मेदिनीपुर की पुलिस अधीक्षक थीं। वहां से तबादले के विरोध में उन्होंने 29 दिसंबर, 2017 को इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने हॉर्वर्ड यूनिवर्सिटी से मैनेजमेंट में स्नातक किया है। पुलिस सेवा में आने से पहले वे कोलकाता मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट में शिक्षिका थीं। वे संयुक्त राष्ट्र के शांति मिशन में भी शामिल रही हैं। भारती घोष ने भाजपा की सदस्यता लेने के बाद राज्य की तृणमूल सरकार पर हमला बोला।.@mamataofficial’s goons have vandalised the BJP party office in Bhawanipore, South Kolkata. Mamata represents the Bhawanipore constituency.
Law and order has completely collapsed! No one is safe under TMC. #MamataFreeBengal pic.twitter.com/v28er7Sb80
— BJP Bengal (@BJP4Bengal) February 4, 2019
भाजपा कार्यालय में तोड़फोड़
उधर, पश्चिम बंगाल के भवानीपुर में भाजपा के कार्यालय में तोड़फोड़ की गई है। प्रदेश भाजपा ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक विडियो पोस्ट किया है। इसमें पार्टी के कार्यालय में तोड़फोड़ के बाद का दृश्य दिखाया गया है। वीडियो में देखा गया कि भाजपा के झंडे बाहर फेंके हुए हैं। अंदर फर्नीचर तोड़ा गया है। भाजपा ने इसके लिए तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया है। उसने तोड़फोड़ करने वाले तत्वों को ‘गुंडा’ कहकर संबोधित किया है। भाजपा ने कहा है कि राज्य में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है और तृणमूल कांग्रेस के शासन में कोई भी सुरक्षित नहीं है। बता दें कि भवानीपुर ममता बनर्जी का चुनाव क्षेत्र है।