तमिलनाडु चुनाव: प्रलोभन पर सीजीएसटी की पैनी नजर, उड़न दस्ते किए तैनात

चौबीसों घंटे काम करेगा नियंत्रण कक्ष

तमिलनाडु चुनाव: प्रलोभन पर सीजीएसटी की पैनी नजर, उड़न दस्ते किए तैनात

फोटो: gstchennai वेबसाइट से।

चेन्नई/दक्षिण भारत। तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र सीजीएसटी एवं केंद्रीय उत्पाद शुल्क, तमिलनाडु और पुड्डुचेरी ज़ोन ने राज्य में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए मज़बूत, बहु-स्तरीय प्रवर्तन ढांचा सक्रिय किया है।

Dakshin Bharat at Google News
विभाग ने किसी भी तरह के प्रलोभन को रोकने और चुनावी मानदंडों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए कई उपाय किए हैं। इसके तहत अन्ना नगर स्थित न्यूरी टावर्स में केंद्रीय नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। यह चुनाव संबंधी गतिविधियों की निगरानी करने, जनता से मिली जानकारी प्राप्त करने और त्वरित कार्रवाई के समन्वय के वास्ते चौबीसों घंटे कार्यरत रहेगा।

इसका मोबाइल एवं वॉट्सऐप नंबर 9498343622, लैंडलाइन नंबर 044-26142870 है। वहीं, ईमेल से संपर्क करने के लिए पता जीएसटी.चेन्नईआउटर एट जीओवी.इन है। 

सभी कार्यकारी कमिश्नरेट में विशेष नोडल अधिकारियों को नामित किया गया है, ताकि वे प्रवर्तन गतिविधियों की देखरेख कर सकें, विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय का प्रबंधन कर सकें और जन शिकायतों का निपटारा कर सकें।

उड़नदस्ता (मोबाइल टीमों) को सभी अधिकार क्षेत्रों में तैनात किया जाता है, ताकि वे सड़कों पर जांच-पड़ताल कर सकें, वाहनों का निरीक्षण कर सकें और सामुदायिक स्थलों/मैरिज हॉल पर नज़र रख सकें। इनका मकसद प्रलोभनों से जुड़ीं चीजों के बड़े पैमाने पर वितरण को रोकना है।

स्थिर निगरानी टीमें गोदामों और वेयरहाउसों की निगरानी कर रही हैं, ताकि ऐसी चीजों के भंडारण को रोका जा सके, जिनका इस्तेमाल मतदाताओं को प्रलोभन देने के लिए किया जा सकता है।

तमिलनाडु को कर्नाटक, केरल और आंध्र प्रदेश से जोड़ने वाले प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों के अलावा सभी आंतरिक मार्गों पर उड़नदस्तों को तैनात किया गया है, ताकि अवैध चीजों की आवाजाही पर नज़र रखी जा सके और उसे रोका जा सके।

सीजीएसटी तमिलनाडु और पुड्डुचेरी ज़ोन के प्रधान मुख्य आयुक्त ने जनता से अपील की है कि  लोकतांत्रिक प्रक्रिया की अखंडता बनाए रखने में मदद करने के लिए, चीजों की अवैध आवाजाही या भंडारण से संबंधित कोई भी जानकारी उक्त संपर्क माध्यमों के ज़रिए दे सकते हैं।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download