होर्मुज़ जलडमरूमध्य पूरी तरह नहीं खोला गया तो ईरान के पावर प्लांट पूरी तरह तबाह कर देंगे: ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति की नई चेतावनी
Photo: WhiteHouse FB Page
वॉशिंगटन/दक्षिण भारत। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार रात 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट के ज़रिए धमकी दी कि अगर 48 घंटों के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य पूरी तरह नहीं खोला गया तो ईरान के पावर प्लांट को नष्ट कर देंगे।
ट्रंप ने कहा, 'अगर ईरान, ठीक इस समय से 48 घंटों के भीतर, बिना किसी धमकी के, होर्मुज़ जलडमरूमध्य को पूरी तरह से नहीं खोलता है, तो अमेरिका उसके विभिन्न पावर प्लांट्स पर हमला करके उन्हें पूरी तरह से तबाह कर देगा।'ट्रंप ने कहा कि अमेरिका के हमले सबसे बड़े पावर प्लांट से शुरू होंगे।
ट्रंप का यह बयान जापानी मीडिया की उस रिपोर्ट के बाद आया है, जिसमें कहा गया कि तेहरान जापान से संबंधित जहाज़ों को होर्मुज़ जलडमरूमध्य से गुज़रने देने के लिए तैयार है।
यह रिपोर्ट क्योडो न्यूज़ की ओर से आई, जिसमें ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराकची का हवाला दिया गया है।
अराकची ने एक फ़ोन इंटरव्यू में जापानी समाचार एजेंसी को बताया कि तेहरान ने जलडमरूमध्य को संभावित रूप से खोलने के बारे में टोक्यो के साथ बातचीत शुरू कर दी है।
इस बीच, अमेरिका और उसके सहयोगियों ने होर्मुज़ जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के प्रयास तेज़ कर दिए हैं। अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि इसके लिए उन्होंने ईरानी जहाजों पर हमला करने के लिए कम ऊंचाई पर उड़ने वाले लड़ाकू विमान और ड्रोन को रोकने के लिए अपाचे हेलीकॉप्टर तैनात किए हैं।


