बेंगलूरु में बदला मौसम का मिजाज, बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत
ओले गिरने से लोगों को असुविधा भी हुई
बेंगलूरु में लगभग दो हफ्तों की तेज गर्मी के बाद मौसम सुहावना हो गया है
बेंगलूरु/दक्षिण भारत। बेंगलूरु में मंगलवार शाम को मौसम का मिजाज बदल गया और झूमकर बादल बरसे। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं, ओले भी गिरे, जिससे लोगों, खासकर दुपहिया वाहन चालकों को असुविधा हुई।
शाम होते ही आसमान में काले बादल छा गए और तेज बारिश होने लगी। इससे कई इलाकों में तापमान में गिरावट आई और शहरवासियों ने राहत महसूस की। अचानक ओले गिरने से राहगीर और बाइक सवार सुरक्षित जगह ढूंढ़ने लगे।ओलों की चपेट में आने से कुछ गाड़ियों के शीशे प्रभावित हुए हैं। सोशल मीडिया पर इस घटना के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। उनमें ओले गिरने की तेज आवाज साफ सुनाई दे रही है। एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'बेंगलूरु में बारिश के साथ ओलों की बौछार ... इनकी आवाज सुनकर लगा कोई मशीन चल रही है।' कई जगह लोग ओलों को हाथों में उठाते और उनके ढेर लगाते नजर आए।
बता दें कि कर्नाटक के कुछ हिस्सों में हुई बारिश से लोगों को राहत मिली है। अगले तीन दिनों में और बारिश होने का अनुमान है। सोमवार को उत्तर कर्नाटक में बारिश हुई, जहां ओले भी गिरे थे। मौसम विभाग का अनुमान है कि 21 मार्च तक कर्नाटक के उत्तरी और तटीय हिस्सों, जिनमें मलनाड, दक्षिण कन्नड़, उडुपी, कासरगोड, धारवाड़ और बेलगावी जिले शामिल हैं, में बारिश हो सकती है। इसके अलावा हासन, चिक्कमगलूरु और शिवमोग्गा जिलों के कुछ हिस्सों में भी हल्की बौछारें पड़ सकती हैं।
सोमवार को धारवाड़, बेलगावी, हावेरी, बागलकोट, विजयनगर, कोप्पल और रायचूर के कई इलाकों में बारिश हुई थी। वहीं, बेंगलूरु में लगभग दो हफ्तों की तेज गर्मी के बाद मौसम सुहावना हो गया है।


