बिहार की जीत प. बंगाल से लेकर केरल तक जाएगी: नितिन नबीन
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष ने पटना में अभिनंदन सभा को संबोधित किया
Photo: @BJP4India X account
पटना/दक्षिण भारत। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने मंगलवार को बिहार के पटना में अभिनंदन सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस भूमि ने हमेशा नई ऊर्जा को नई क्रांति दी है। पार्टी ने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित शीर्ष नेतृत्व ने बिहार पर भरोसा किया है, मुझ पर भरोसा किया है। मैं सर्वप्रथम पूरे शीर्ष नेतृत्व को इस मंच से बहुत-बहुत आभार व्यक्त करता हूं।
नितिन नबीन ने कहा कि आज के इस व्यापक कार्यक्रम के लिए एक-एक कार्यकर्ता को मैं तहेदिल से प्रणाम करता हूं, आप सभी को नमन करता हूं। आप लोगों ने बिहार को प्रचंड जीत दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करिश्माई नेतृत्व ने जो परचम लहराया है, उस जीत के प्रकाश से बिहार आगे बढ़ रहा है।नितिन नबीन ने कहा कि इस जीत का ही नतीजा है कि जो अभी अन्य राज्यों में चुनाव हुए हैं, चाहे महाराष्ट्र का चुनाव हो, अरुणाचल का चुनाव हो, गोवा का चुनाव हो ... उन सभी चुनावों में भाजपा का परचम लहरा रहा है। अब यह जीत प. बंगाल से लेकर केरल तक जाएगी, भगवा हर जगह लहराएगा।
नितिन नबीन ने कहा कि आज मैं अपने पिताजी स्व. नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा को जरूर याद करना चाहूंगा। चूंकि राजनीति उन्होंने मुझे जरूर विरासत में दी, लेकिन जिस वटवृक्ष के तहत उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ जोड़ा, मैं हमेशा कहता हूं कि मुझे उंगली पकड़कर कार्यकर्ताओं ने सिखाया, इसलिए मैं उन सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करता हूं।
नितिन नबीन ने कहा कि मैं हमेशा कहता हूं कि राजनीति में शॉर्ट-कट के लिए कोई जगह नहीं है, राजनीति लॉन्ग रन का काम है। इसलिए धैर्यपूर्वक काम कीजिए, निश्चित रूप से भाजपा आपको बूथ से उठाकर केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचा देगी। आप बस अपने काम पर विश्वास कीजिए।
नितिन नबीन ने कहा कि जिस तरह बिहार से हमें जनादेश मिला है, तो हमारी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। यह जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का समय है। इसलिए हम सभी को मेहनत करनी पड़ेगी।
नितिन नबीन ने कहा कि हमें पंचायत से पार्लियामेंट तक परचम लहराना है, इसलिए बिहार के पंचायत चुनाव के लिए अभी से ही लग जाना है और बिहार को विकसित बिहार बनाना है।
नितिन नबीन ने कहा कि एक राहुल बाबा हैं, जो जर्मनी की जमीन पर जाकर देश को अपमानित कर रहे हैं। उनकी एक प्रथा है- देश में रहेंगे तो देश के संविधान को गाली देंगे, चुनाव आयोग को गाली देंगे और जब देश के बाहर जाते हैं तो देश को ही गाली देते हैं। अब ऐसे लोगों को सजा देने का समय आ गया है। बिहार ने ऐसे लोगों को सजा देने का काम किया है।


