कर्नाटक के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भाइयों की तरह काम कर रहे हैं: सचिन पायलट

'पार्टी जो भी फैसला लेगी, वह राज्य के हर कांग्रेस कार्यकर्ता को मंजूर होगा'

कर्नाटक के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भाइयों की तरह काम कर रहे हैं: सचिन पायलट

Photo: @SachinPilot X account

बेंगलूरु/दक्षिण भारत। एआईसीसी के महासचिव सचिन पायलट ने सोमवार को कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दरामय्या और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भाइयों की तरह मिलकर काम कर रहे हैं और इस मामले में कांग्रेस आलाकमान जो भी फैसला लेगी, वह सभी को स्वीकार्य होगा।

Dakshin Bharat at Google News
यहां संवाददाताओं से बात करते हुए, अपने बगल में उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को बैठे हुए देखकर उन्होंने कहा, 'जब पीसीसी (प्रदेश कांग्रेस) अध्यक्ष (शिवकुमार) मुख्यमंत्री (सिद्दरामय्या) को अपना बड़ा भाई कहते हैं, और मुख्यमंत्री कहते हैं कि वे (शिवकुमार) मेरे छोटे भाई हैं, तो इससे मामला सुलझ जाता है।'

कांग्रेस आलाकमान की सत्ता संघर्ष को समाप्त करने में कथित अनिच्छा पर पूछे गए सवाल के जवाब में पायलट ने कहा, 'मैं आपको बताना चाहता हूं कि कर्नाटक सरकार पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ काम कर रही है। चुनाव से पहले पार्टी के रूप में हमने जो भी वादे किए थे, हम उन सभी को पूरा कर रहे हैं। हम मजबूती से काम कर रहे हैं और मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि साल 2028 में कांग्रेस भारी बहुमत के साथ फिर से सत्ता में आएगी।'

उन्होंने आगे कहा, 'पार्टी जो भी फैसला लेगी, वह राज्य के हर कांग्रेस कार्यकर्ता को मंजूर होगा। हम पूरी लगन से यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं कि अपने वादों को पूरा करें और साल 2028 में राज्य में फिर से जीत हासिल करें।'

राज्य में नेतृत्व के मुद्दे को आलाकमान द्वारा हल न करने के सवाल पर जवाब देते हुए, और यह बताते हुए कि राजस्थान में भी उनके और तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बीच इसी तरह की सत्ता की खींचतान थी, पायलट ने कहा, पार्टी नेतृत्व जो भी फैसला लेगा, सभी उसका पालन करेंगे। हम सब मिलकर काम करेंगे।
   
उन्होंने कहा, 'मुझे बताइए कि पार्टी के किस नेता ने, चाहे वह मुख्यमंत्री हों या प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, यह कहा है कि वे पार्टी आलाकमान के फैसले को नहीं मानेंगे? जब सबकुछ कांग्रेस आलाकमान पर छोड़ दिया गया है तो पार्टी जो भी फैसला लेना होगा, लेगी। हमारा सामूहिक लक्ष्य कर्नाटक सहित पूरे देश में कांग्रेस को मज़बूत करना है।'

About The Author

Related Posts

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download