इंडि गठबंधन की पतंग उड़ने से पहले ही कट गई: मोदी

प्रधानमंत्री ने राजस्थान के जालौर में भाजपा की विजय शंखनाद रैली को संबोधित किया

इंडि गठबंधन की पतंग उड़ने से पहले ही कट गई: मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी की जो हालत हुई है, उसकी गुनहगार वो खुद है

जालौर/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राजस्थान के जालौर में भाजपा की विजय शंखनाद रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा और जालौर-सिरोही का रिश्ता बहुत खास है। आपने हर बार भाजपा को भरपूर आशीर्वाद दिया है। इस बार भी जालौर-सिरोही यही कह रहे हैं- फिर एक बार मोदी सरकार।

Dakshin Bharat at Google News
प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले चरण के मतदान में आधे राजस्थान ने कांग्रेस को बराबर की सजा दी है। राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत राजस्थान यह जानता है कि कांग्रेस कभी भी मजबूत भारत बना ही नहीं सकती। देश को ऐसी कांग्रेस सरकार नहीं चाहिए। देश को साल 2014 के पहले जो हालात थे, वे दोबारा नहीं चाहिएं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की कमजोर सरकार को आते-जाते लोग भी धमकाते थे, हर कोई देश को लूटने में जुटा था। प्रधानमंत्री को तो कोई पूछता ही नहीं था, सरकार रिमोट कंट्रोल से चला करती थी। कैबिनेट से पास हुए अध्यादेश को उनकी पार्टी के ही एक नेता मीडिया की मीटिंग बुला कर फाड़ कर फेंक देते थे। अस्थिरता की प्रतीक कांग्रेस पार्टी और उनका कुनबा देश को चला सकते हैं क्या?

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी की जो हालत हुई है, उसकी गुनहगार वो खुद है। कांग्रेस ने देश पर 60 वर्षों तक राज किया। इसी कांग्रेस ने हमारी माताओं-बहनों को शौचालय, गैस, बिजली, पानी, बैंक अकाउंट जैसी छोटी-छोटी चीजों के लिए तरसाया। इसी कांग्रेस ने परिवारवाद और भ्रष्टाचार का दीमक फैलाकर देश को खोखला कर दिया था। इन्हीं पापों की सजा देश उनको दे रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस पार्टी के कभी 400 सांसद जीते थे, आज वह 300 सीट पर चुनाव नहीं लड़ पा रही है। आज कांग्रेस की हालत यह है ​कि उसे उम्मीदवार नहीं मिल पा रहे हैं। इन्होंने अवसरवादी इंडि गठबंधन बना लिया है, जिसकी पतंग उड़ने से पहले ही कट गई है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मोदी ने गारंटी दी है कि हर परिवार में 70 वर्ष के ऊपर की आयु के बुजुर्गों के इलाज का 5 लाख रुपए तक का खर्च दिल्ली में बैठा उनका यह बेटा उठाएगा। एक बेटे के रूप में मां-बाप की सेहत का ध्यान रखना मेरा दायित्व है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अभी हमें राजस्थान के विकास को, देश के विकास को नई बुलंदी देनी है। यह संकल्प लेकर मैं चल पड़ा हूं। भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनाना है। 'विकसित भारत, विकसित राजस्थान' बनाना है।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download