कांग्रेस न खुद बदलना चाहती है और न ही देश को बदलने देना चाहती है: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोपाल में भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित किया

कांग्रेस न खुद बदलना चाहती है और न ही देश को बदलने देना चाहती है: मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस के शासन की पहचान थी ... कुनीति, कुशासन और करोड़ों का भ्रष्टाचार

भोपाल/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को मध्य प्रदेश के भोपाल में भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह जनसैलाब, यह उमंग, यह उत्साह, यह कार्यकर्ता का महाकुंभ, महासंकल्प ... बहुत कुछ कहता है। यह दिखाता है कि मध्य प्रदेश के मन में क्या है, यह दिखाता है नई ऊर्जा से भरी हुई भाजपा, यह दिखाता है भाजपा और उसके हर कार्यकर्ता का बुलंद हौसला।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश को देश का दिल कहा जाता है। भाजपा के साथ देश के इस दिल का जुड़ाव कुछ अलग ही रहा है। जनसंघ के जमाने से लेकर आज तक, भाजपा को मप्र के लोगों ने हमेशा आशीर्वाद दिया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार को लगभग 20 साल पूरे हो चुके हैं, यानी जो युवा इस बार के चुनावों में पहली बार वोट डालेंगे, उन्होंने भाजपा की सरकार को ही देखा है। ये युवा सौभाग्यशाली हैं कि इन्होंने मध्य प्रदेश में कांग्रेस का बुरा शासन और बुराइयां नहीं देखी हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस के शासन की पहचान थी ... कुनीति, कुशासन और करोड़ों का भ्रष्टाचार। आजादी के बाद मध्य प्रदेश में लंबे समय तक कांग्रेस का ही शासन रहा, लेकिन कांग्रेस ने साधन संपन्न मध्य प्रदेश को बीमारू बना दिया था।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर कांग्रेस जैसी परिवारवादी पार्टी, हजारों करोड़ों के घोटाले का इतिहास रचने वाली पार्टी, वोट बैंक व तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली पार्टी को जरा भी मौका मिल गया तो मध्य प्रदेश को बहुत बड़ा नुकसान होगा। कांग्रेस एक बार फिर मध्य प्रदेश को बीमारू बना देगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस जंग लगा हुआ वो लोहा है, जो बारिश में रखे-रखे खत्म हो जाता है। अब कांग्रेस में न देखने की सामर्थ्य बची है और न ही देशहित को समझने की। कांग्रेस सिर्फ एक परिवार का गौरवगान करने में जुटी रही है। कांग्रेस, भारत में भ्रष्ट व्यवस्था को पोषित करने में ही जुटी रही है। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस न खुद बदलना चाहती है और न ही देश को बदलने देना चाहती है। देश समृद्धि की तरफ बढ़ने के लिए घोर परिश्रम कर रहा है, लेकिन कांग्रेस देश को 20वीं शताब्दी में ले जाना चाहती है। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हमारे प्रेरणापुंज, पंडित दीनदयाल उपाध्यायजी का जन्म दिवस है। पंडितजी ने सुशासन को अंत्योदय से जोड़कर देखा, समाज के अंतिम व्यक्ति के विकास को प्राथमिकता दी।

Google News

About The Author

Post Comment

Comment List

Advertisement

Latest News