राष्ट्रपति पद के लिए मुर्मू की उम्मीदवारी की समाज के सभी वर्गों में हो रही सराहना: प्रधानमंत्री

राष्ट्रपति पद के लिए मुर्मू की उम्मीदवारी की समाज के सभी वर्गों में हो रही सराहना: प्रधानमंत्री

राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने अपने गृह राज्य ओडिशा से दिल्ली पहुंचीं मुर्मू से मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने यह बात कही


नई दिल्ली/भाषा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि राष्ट्रपति पद के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से द्रौपदी मुर्मू की उम्मीदवारी की देश भर में तथा समाज के सभी वर्गों द्वारा सराहना की जा रही है।

राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने अपने गृह राज्य ओडिशा से दिल्ली पहुंचीं मुर्मू से मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने यह बात कही। उन्होंने ट्विटर पर इस मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं।

मोदी ने कहा, ‘द्रौपदी मुर्मूजी से मुलाकात की। राष्ट्रपति पद के लिए उनकी उम्मीदवारी का देश भर में और समाज के सभी वर्गों द्वारा सराहना की जा रही है। जमीनी समस्याओं के प्रति उनकी समझ और भारत के विकास को लेकर उनकी दृष्टि उत्कृष्ट है।’

राजग की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद मुर्मू आज दिल्ली पहुंचीं ओर सबसे पहले प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की।

मुर्मू (64) प्रधानमंत्री मोदी और पार्टी के शीर्ष नेताओं की उपस्थिति में शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उनके प्रस्तावकों में शामिल होंगे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा विपक्ष की ओर से संयुक्त उम्मीदवार हैं। राष्ट्रपति पद के लिए मतदान 18 जुलाई को होगा। वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है।

Google News
Tags:

About The Author

Post Comment

Comment List

Advertisement