सुनील देवधर का आह्वान- सेवाभाव और चरित्र निर्माण से भारत को विश्वगुरु बनाएं कोरोना योद्धा
सुनील देवधर का आह्वान- सेवाभाव और चरित्र निर्माण से भारत को विश्वगुरु बनाएं कोरोना योद्धा
नई दिल्ली/दक्षिण भारत। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं त्रिपुरा प्रभारी सुनील देवधर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोराना योद्धाओं से संवाद किया और महामारी में जरूरतमंद लोगों के साथ मजबूती से खड़े होने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से 79 लोगों ने भाग लिया और अपने अनुभव साझा किए।
सुनील देवधर ने कोरोना योद्धाओं द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने राहत कार्यों में आ रहीं समस्याएं जानीं और सुझाव भी लिए। इस दौरान देवधर ने ‘व्यक्ति का चरित्र एवं राष्ट्रीय चरित्र’ विषय पर अपने विचार व्यक्त किए और बताया कि किस प्रकार हमारा देश इनके माध्यम से विश्वगुरु बन सकता है।सुनील देवधर ने वर्तमान में ‘आत्मनिर्भर भारत’ की प्रासंगिकता को रेखांकित करते हुए बताया कि हम अपने चरित्र से राष्ट्र की बेहतरी के लिए क्या योगदान कर सकते हैं। उन्होंने विभिन्न उदाहरण देते हुए बताया कि स्थानीय स्तर पर बनाई जाने वाली वस्तुओं के उपयोग को प्रोत्साहित करते हुए सशक्त भारत एवं मजबूत अर्थव्यवस्था का निर्माण किया जा सकता है।
सुनील देवधर ने उत्तर-पूर्व भारत और विभिन्न जनजातीय क्षेत्रों में व्याप्त विविधता और प्रतिभा को सराहते हुए कहा कि यहां के उत्पाद विशिष्ट होते हैं। यदि इनके लिए एक आपूर्ति शृंखला बनाई जाए, तो ये उत्पाद व्यापक स्तर पर लोगों के पास पहुंचेंगे। इससे स्वावलंबन को बढ़ावा मिलेगा।
सुनील देवधर ने केंद्र सरकार द्वारा की जा रहीं राहत संबंधी घोषणाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया, ताकि पात्र लोगों को इनका लाभ मिले। कोरोना महामारी में जरूरतमंद लोगों तक राशन पहुंचाकर सेवाकार्य में जुटे धर्मेंद्र छोनकर ने बताया कि इस संवाद से उन्हें प्रोत्साहन मिला। अब और ज्यादा शक्ति एवं सेवाभाव के साथ जुटेंगे और भारत को विश्वगुरु बनाने में योगदान देंगे। सोशल मीडिया पर इस कार्यक्रम की चर्चा रही और यूजर्स ने टिप्पणी कर देवधर को धन्यवाद कहा।


