टिकट न मिलने से उदित राज ने भाजपा छोड़ी, कांग्रेस का हाथ थामा
टिकट न मिलने से उदित राज ने भाजपा छोड़ी, कांग्रेस का हाथ थामा
नई दिल्ली/दक्षिण भारत। उत्तर-पश्चिम दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के सांसद उदित राज ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। टिकट न मिलने से नाराज चल रहे उदित राज ने बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा ने इस बार उत्तर-पश्चिम दिल्ली लोकसभा सीट से उदित राज के बजाय जानेमाने सिंगर हंसराज हंस को टिकट दिया है। इस बात से खफा उदित राज ने भाजपा छोड़ने का फैसला किया और वे कांग्रेस में आ गए।
इससे पहले, टिकट ऐलान में देर होने पर उदित राज ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा था कि वे इंतजार कर रहे हैं। यदि उन्हें टिकट नहीं मिला तो वे भाजपा को अलविदा कह देंगे। इसके अलावा उन्होंने ट्विटर पर अपने नाम के साथ ‘चौकीदार’ शब्द भी हटा दिया था। इससे माना जा रहा था कि अगर टिकट न मिला तो उदित राज पाला बदल लेंगे और आखिरकार यही हुआ।कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद उदित राज ने ट्वीट किया,’आज कांग्रेस में शामिल हो कर बहुत खुशी का अनुभव हुआ।’ उन्होंने राहुल गांधी के साथ अपनी तस्वीर पोस्ट की। हालांकि इस दौरान काफी तादाद में यूजर्स ने उनकी आलोचना भी की।
उदित राज के कांग्रेस में जाने से अब इस सीट के सियासी समीकरण बदलते दिखाई दे रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी हंसराज हंस के सामने यह सीट जीतने की चुनौती होगी। वहीं आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी गुग्गन सिंह और कांग्रेस के राजेश लिलोठिया की उपस्थिति ने चुनावी मुकाबले को और कड़ा बना दिया है। ऐसे में उदित राज भी अपने समर्थकों के साथ भाजपा की राह मुश्किल बनाने के लिए पूरा जोर लगाएंगे। इन सबके बीच यहां का मतदाता किसे जनादेश देगा, यह तो 23 मई को ही पता चलेगा।