बंगाल में बनने जा रही भाजपा सरकार, अमित शाह कोलकाता पहुंचे
क्या सुवेंदु अधिकारी बनेंगे मुख्यमंत्री?
Photo: @BJP4India X account
कोलकाता/दक्षिण भारत। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार सुबह कोलकाता पहुंचे। वे यहां भाजपा की विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे, जिसमें पार्टी के नेता का चुनाव किया जाएगा। साथ ही, पश्चिम बंगाल में पार्टी की पहली सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भी शिरकत करेंगे।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर शाह का स्वागत भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी और अन्य लोगों ने किया। वे हवाईअड्डे से न्यू टाउन के एक होटल में गए।शाह दोपहर को, बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में भाजपा की विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे। शनिवार को, वे ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और राजग-शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ शामिल होंगे।
हाल में संपन्न विधानसभा चुनावों में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए तृणकां के 15 साल के शासन को समाप्त कर दिया। इस तरह ममता बनर्जी को उनके राजनीतिक करियर का सबसे बड़ा झटका लगा है। राज्यपाल आरएन रवि ने गुरुवार को विधानसभा भंग कर दी, जिससे नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है।
भाजपा ने अभी तक आधिकारिक तौर पर मुख्यमंत्री पद के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है, लेकिन सुवेंदु अधिकारी दो सबसे ज़्यादा राजनीतिक रूप से महत्त्वपूर्ण जीत हासिल करने के बाद इस दौड़ में सबसे आगे हैं। उन्होंने नंदीग्राम पर अपना कब्ज़ा बरकरार रखा (जहां उन्होंने साल 2021 में ममता बनर्जी को हराया था) और अब भवानीपुर पर कब्ज़ा किया (जिसे लंबे समय से ममता का गढ़ माना जाता रहा है)।
कभी ममता बनर्जी के सबसे करीबी सहयोगियों में से एक और ग्रामीण पश्चिम बंगाल में तृणकां के सांगठनिक विस्तार के प्रमुख सूत्रधार रहे अधिकारी, दिसंबर 2020 में भाजपा में शामिल हुए और राज्य में पार्टी के सबसे आक्रामक प्रचारक बन गए।
एक वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा, 'तृणकां के ख़िलाफ़ उनकी लगातार राजनीतिक लड़ाई, सांगठनिक पहुंच और ममता बनर्जी के ख़िलाफ़ चुनावी जीत ने उनके दावे को मज़बूत किया है।' पार्टी के सूत्रों के अनुसार, भवानीपुर से अधिकारी की 15,000 से अधिक वोटों से जीत को भाजपा के भीतर बंगाल की राजनीति में एक प्रतीकात्मक और रणनीतिक मोड़ के रूप में देखा जा रहा है।


