तृणकां के कुशासन में प. बंगाल भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला बन चुका है: अमित शाह

शाह ने कोलकाता में तृणकां सरकार के खिलाफ 'चार्जशीट' जारी की

तृणकां के कुशासन में प. बंगाल भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला बन चुका है: अमित शाह

Photo: @BJPLive X account

कोलकाता/दक्षिण भारत। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के कोलकाता में तृणकां सरकार के खिलाफ 'चार्जशीट' जारी की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प. बंगाल में चुनाव की घोषणा हो चुकी है। भाजपा के सभी कार्यकर्ता हमारे प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में बंगाल में भाजपा की सरकार बनाने के लिए बड़े आत्मविश्वास के साथ चुनावी मैदान में उतरे हैं।

Dakshin Bharat at Google News
अमित शाह ने कहा कि विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने भी चुनाव से पहले ही पूरे बंगाल का दौरा कर, बंगाल में फैली अव्यवस्था, अराजकता, आर्थिक बदहाली और विशेषकर घुसपैठ के मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया।

अमित शाह ने कहा कि बंगाल का चुनाव बंगाल के साथ-साथ पूरे देश के लिए महत्त्वपूर्ण है। पूरे देश की सुरक्षा एक प्रकार से प. बंगाल के चुनाव के साथ जुड़ी है। असम में भाजपा सरकार बनने के बाद असम से घुसपैठ लगभग समाप्त हो गई है। अब एक ही रास्ता बचा है, जहां से पूरे देश में घुसपैठिए फैलते हैं और देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करते हैं।

अमित शाह ने कहा कि आज की प्रेस वार्ता में हम तृणकां सरकार के 15 साल के शासन के खिलाफ 'चार्जशीट' लेकर आए हैं। यह चार्जशीट बंगाल की जनता की ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ लगाई हुई है, जिसे भाजपा एक आवाज दे रही है। एक प्रकार से आने वाले चुनाव में बंगाल की जनता को तय करना है कि भय को चुनना है या भरोसे को चुनना है।

अमित शाह ने कहा कि यह चार्जशीट, तृणकां सरकार के 15 वर्षों के काले कारनामों का संकलन है। सोनार बांग्ला का स्वप्न दिखाकर सिंडिकेट राज स्थापित कर बंगाल की जनता का शोषण करने वाले शासन की कहानी है। 

अमित शाह ने कहा कि तृणकां के कुशासन में बंगाल भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला बन चुका है। ऊपर से नीचे तक आपराधिक सिंडिकेट जनता को परेशान कर रहे हैं। विकास के अभाव में बंगाल उद्योग के लिए एक प्रकार से ग्रेवयार्ड बन चुका है।

अमित शाह ने कहा कि इस बार बंगाल की जनता ने तय किया है कि प्रचंड बहुमत के साथ प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाई जाएगी। यह चुनाव, जान जाने के भय से मुक्ति का, आजादी छिनने के भय से मुक्ति का, अपनी संपत्ति लुटने के भय से मुक्ति का, रोजगार छिनने के भय से मुक्ति का, महिलाओं की सुरक्षा के खतरे से मुक्ति का और युवाओं के भविष्य पर छाए भय और अंधकार से मुक्ति का चुनाव है।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download