भारत किसी को छेड़ता नहीं, जो भारत को छेड़ता है, उसे वह छोड़ता नहीं: राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री ने बिहार के बांका विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित किया
Photo: RajnathSinghBJP FB Page
बांका/दक्षिण भारत। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को बिहार के बांका विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पहले बिहार की जनता के स्वास्थ्य के लिए जो बजट हुआ करता था, वह मात्र 700 करोड़ रुपए था। यह अब बढ़कर 20,000 करोड़ रुपए से ज्यादा हो गया है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि आज बिहार में हाईवे, बड़े पुल और ग्रामीण सड़कों का जाल बिछा है। पटना में जहां कभी मौत दौड़ा करती थी, आज वहां मेट्रो दौड़ रही है। पहले बिहार में अगर दो–चार घंटे बिजली आ जाती थी, तो उसे बहुत बड़ी बात माना जाता था। गांवों में लोग लालटेन से काम चलाते थे। बिहार की एक छवि बन गई थी कि यह गरीबों का राज्य है, लेकिन सच तो यह है कि बिहार प्रतिभाशाली लोगों की भूमि है।राजनाथ सिंह ने कहा कि लालू यादव के समय में राजद वाले सोचते थे कि अगर सड़क बन गई, तो पुलिस उनके लिए खतरा बन जाएगी। राजद वालों को न सड़क चाहिए थी, न बिजली और न ही कोई विकास। अब वही लोग कहते हैं— सड़क मत बनाओ, एक्सीडेंट हो जाता है, बिजली मत लाओ, लोग करंट लगने से मर जाते हैं।
राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस के लोगों की सोच हुआ करती थी कि यदि सीमाओं पर पक्की सड़कें और बुनियादी ढांचे का विकास हो गया तो हमारे पड़ोसी देश के 'विरोधी तत्त्व' सीमा में घुस आएंगे और कब्ज़ा कर लेंगे। ऐसे तर्क राजद और कांग्रेस जैसे नेताओं द्वारा दिए जाते रहे हैं, यह उनकी सोच का स्तर था।
राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमने इस विकास विरोधी सोच को बदल कर रख दिया है। आज हमारा भारत तेज़ी से प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। हमारे पड़ोसी देशों को भी यह बात अब समझ आ गई है कि भारत के लोग अत्यंत सहनशील हैं- भारत किसी को छेड़ता नहीं, लेकिन जो भारत को छेड़ता है, उसे भारत छोड़ता नहीं।
राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत अब दुनिया में एक शक्तिशाली देश के रूप में जाना जाता है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की प्रतिष्ठा पहले से कहीं अधिक बढ़ी है। हमारी सेना के जवानों ने अपने पराक्रम से हर भारतवासी का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है। लेकिन आज कांग्रेस के नेता सेना को भी जाति के आधार पर बांटने की कोशिश कर रहे हैं। हमारी सेना का केवल एक ही धर्म होता है- सैन्य धर्म।
राजनाथ सिंह ने कहा कि मैं कांग्रेस के नेताओं से कहना चाहता हूं- हमारी सेना को राजनीति में न घसीटें। जो बातें वे कह रहे हैं, वे किसी भी हालत में देशहित में नहीं हैं। जब-जब हमारे देश पर संकट आया, हमारी सेना ने अपने शौर्य से हर बार भारत का माथा ऊंचा किया है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि जाति और मज़हब की राजनीति ने देश को बहुत नुकसान पहुंचाया है। हमारा मानना है कि समाज के हर वर्ग का समान रूप से उत्थान होना चाहिए। हम सभी वर्गों को साथ लेकर चलना चाहते हैं।


