मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल को मिलेगा दादा साहब फाल्के पुरस्कार
23 सितंबर को पुरस्कार दिया जाएगा
Photo: ActorMohanlal FB Page Video
नई दिल्ली/दक्षिण भारत। मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल को वर्ष 2023 के लिए दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह सिनेमा के क्षेत्र में देश का सर्वोच्च सम्मान है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने शनिवार को यह घोषणा की।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि अभिनेता, निर्देशक और निर्माता को दादा साहब फाल्के पुरस्कार चयन समिति की सिफारिश पर भारतीय सिनेमा में उनके विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जा रहा है।यह पुरस्कार उन्हें 23 सितंबर को 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के दौरान प्रदान किया जाएगा।
मंत्रालय ने कहा, 'मोहनलाल की उल्लेखनीय सिनेमाई यात्रा पीढ़ियों को प्रेरित करती है। उनकी बेजोड़ प्रतिभा, बहुमुखी प्रतिभा और अथक परिश्रम ने भारतीय फिल्म इतिहास में एक स्वर्णिम मानक स्थापित किया है।'
चार दशक से अधिक के करियर में मोहनलाल ने मलयालम, तमिल, तेलुगु, हिंदी और कन्नड़ में 350 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया है।
उनकी कुछ सबसे लोकप्रिय और समीक्षकों द्वारा सराही गईं फिल्मों में 'तन्मथरा', 'दृश्यम', 'वानप्रस्थम', 'मुंथिरिवल्लिकल थलिर्ककुम्बोल' और 'पुलिमुरुगन' शामिल हैं।
मोहनलाल को कला में उनके योगदान के लिए साल 2001 में पद्मश्री और साल 2019 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोहनलाल को मलयालम सिनेमा का अग्रणी सितारा बताते हुए उनकी सराहना की, जो उत्कृष्टता और बहुमुखी प्रतिभा के प्रतीक हैं। उन्होंने दादा साहब फाल्के पुरस्कार जीतने पर उन्हें बधाई दी।
मोदी ने एक्स पर कहा, 'उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी। उन्होंने तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और हिंदी फिल्मों में भी उल्लेखनीय अभिनय किया है।'


