कांग्रेस और इंडि गठबंधन के नेताओं के बयान सेना के मनोबल को गिराने वाले हैं: डॉ. सुधांशु त्रिवेदी
डॉ. त्रिवेदी ने पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया

Photo: @bjp YouTube Channel
नई दिल्ली/दक्षिण भारत। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने सोमवार को यहां पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने एक खिलौने के मॉडल पर नींबू-मिर्ची रखकर राफेल का मजाक उड़ाने की कोशिश की है।
डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि बुरी नजर से बचने के लिए नींबू-मिर्च का प्रयोग करना लंबे समय से चली आ रही भारतीय परंपरा का हिस्सा है। आज भारतीय सेना को पाकिस्तान की बुरी नजर से सुरक्षा की जरूरत नहीं है, क्योंकि पाकिस्तानी सेना अब भारतीय सेना को भय की नजर से देखती है।डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि इंडि गठबंधन और कांग्रेस ही हमारी सेना पर बुरी नजर रख रहे हैं। पहलगाम हमले के बाद, भारत-पाकिस्तान की सीमा पर तनाव है। सीजफायर का उल्लंघन करते हुए पाकिस्तानी सेना की तरफ से यदाकदा गोलीबारी की जा रही है।
डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि सीमा के अंदर से कांग्रेस व इंडि गठबंधन के नेता निरंतर बयानों की गोलाबारी भारतीय सेना को लक्षित करते हुए कर रहे हैं।
डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस और इंडि गठबंधन के नेता मुखौटा लगाकर कहते हैं कि वे भारत के साथ हैं। फिर उनके नेता ऐसे बयान दे रहे हैं, जो भारतीय सेना के मनोबल को गिराने वाले हैं।