केजरीवाल के बंगले के नवीनीकरण की जांच होगी: भाजपा

इसके अंदरूनी हिस्से पर हुए खर्च की विस्तृत जांच करने का निर्देश दिया

केजरीवाल के बंगले के नवीनीकरण की जांच होगी: भाजपा

Photo: AAPkaArvind FB Page

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। केंद्रीय सतर्कता आयोग ने दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग को 6, फ्लैगस्टाफ रोड बंगले के विस्तार के लिए संपत्तियों के कथित विलय और इसके अंदरूनी हिस्से पर हुए खर्च की विस्तृत जांच करने का निर्देश दिया है। भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता ने शनिवार को यह जानकारी दी।

Dakshin Bharat at Google News
कथित भ्रष्टाचार के लिए भाजपा द्वारा 'शीश महल' करार दिए गए इस बंगले में अरविंद केजरीवाल साल 2015 से पिछले साल अक्टूबर के पहले सप्ताह तक दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में रहे थे।

इस मामले पर आम आदमी पार्टी (आप) या इसके संयोजक केजरीवाल की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।

गुप्ता ने कहा कि केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) ने उनकी दो पूर्व शिकायतों का संज्ञान लिया और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी, जिसके आधार पर अब विस्तृत जांच करने का निर्देश दिया गया है।

सीवीसी को दी गई अपनी पहली शिकायत में रोहिणी से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक ने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने 40,000 वर्ग गज (8 एकड़) भूमि पर भव्य भवन बनाने के लिए नियमों का उल्लंघन किया।

अपनी दूसरी शिकायत में गुप्ता ने 6, फ्लैग स्टाफ रोड स्थित बंगले के नवीनीकरण और आंतरिक सजावट पर अत्यधिक खर्च का आरोप लगाया।

उन्होंने बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं और बंगले में विलासितापूर्ण सुविधाओं पर करदाताओं के पैसे से करोड़ों रुपए खर्च करने का भी दावा किया।

About The Author

Related Posts

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download