केजरीवाल ने हार स्वीकार की, भाजपा को जीत की बधाई दी
उन्हें नई दिल्ली सीट से परवेश साहिब सिंह ने हराया है।

Photo: @ArvindKejriwal X account
नई दिल्ली/दक्षिण भारत। दिल्ली विधानसभा चुनाव नतीजों में आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को भी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। उन्हें नई दिल्ली सीट से भारतीय जनता पार्टी के परवेश साहिब सिंह ने लगभग 4 हजार वोटों के अंतर से हराया है।
केजरीवाल ने अपनी हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए भाजपा को जीत की बधाई दी है। केजरीवाल ने कहा कि आज दिल्ली चुनाव के नतीजे आए हैं। जनता का जो भी फैसला है, उसे हम पूरी विनम्रता के साथ स्वीकार करते हैं।उन्होंने कहा कि जनता का निर्णय सिर-माथे पर, मैं भाजपा को इस जीत के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं। मैं उम्मीद करता हूं कि जिस आशा के साथ लोगों ने उन्हें बहुमत दिया है, वे उन सभी उम्मीदों और आशाओं पर पूरा उतरेंगे।
केजरीवाल ने कहा कि हमें पिछले 10 वर्षों में जनता ने जो मौका दिया, उस दौरान बहुत सारे काम किए। शिक्षा के क्षेत्र में, स्वास्थ्य के क्षेत्र में, पानी के क्षेत्र में, बिजली के क्षेत्र में और भी अलग-अलग तरीके से लोगों को राहत पहुंचाने के लिए कोशिश की। दिल्ली के आधारभूत ढांचे को भी सुधारने की कोशिश की।
उन्होंने कहा कि अब जनता ने जो निर्णय दिया है, हम न केवल एक रचनात्मक विपक्ष का किरदार निभाएंगे, बल्कि समाज सेवा, जनता के सुख-दुख में काम आएंगे, व्यक्तिगत तौर पर जिसको भी जो जरूरत होगी, लोगों के हमेशा काम आएंगे।
केजरीवाल ने कहा कि हम राजनीति में किसी सत्ता के लिए नहीं आए थे। हम राजनीति को एक जरिया मानते हैं, जिससे जनता की सेवा की जा सके, जिससे जनता के सुख-दुख में काम आया जा सके। वह काम हम करते रहेंगे। हमें आगे भी जनता के सुख-दुख में काम आना है। मैं आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई देना चाहता हूं। आपने बहुत शानदार चुनाव लड़ा, बहुत मेहनत की, बहुत कुछ सहा।