स्टालिन ने केंद्र को बताया- 'श्रीलंका ने रामेश्वरम के 17 मछुआरों को गिरफ्तार किया
दो मशीनीकृत मछली पकड़ने वाली नौकाओं को 24 दिसंबर को श्रीलंकाई नौसेना ने जब्त कर लिया
Photo: MKStalin FB Page
चेन्नई/दक्षिण भारत। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने मंगलवार को केंद्र को श्रीलंका द्वारा तमिलनाडु के 17 मछुआरों की गिरफ्तारी और उनकी दो नौकाओं को जब्त करने की घटना से अवगत कराया तथा उनकी तथा नौकाओं की रिहाई के लिए त्वरित कदम उठाने को कहा।
स्टालिन ने विदेश मंत्री एस जयशंकर को पत्र लिखकर कहा कि रामेश्वरम के 17 मछुआरों को गिरफ्तार किया गया और उनकी दो मशीनीकृत मछली पकड़ने वाली नौकाओं को 24 दिसंबर को श्रीलंकाई नौसेना ने जब्त कर लिया।इसके अलावा, स्टालिन ने जयशंकर के संज्ञान में 20 दिसंबर को 6 अज्ञात श्रीलंकाई नागरिकों द्वारा नागपट्टिनम जिले के कोडियाक्कराई के मछुआरों पर हमले की दो अलग-अलग घटनाओं की बात भी लाई।
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा, 'इस निंदनीय घटना में, दो देसी नौकाओं में सवार छह में से तीन मछुआरे घायल हो गए तथा हमलावरों ने उनकी नौकाओं से जीपीएस उपकरण, वीएचएफ उपकरण, मछली पकड़ने का जाल, मोबाइल फोन और उनकी पकड़ी गई मछलियां लूट लीं।'
इस तरह की लगातार गिरफ्तारियों और हमलों ने मछुआरों का जीवन, जो पूरी तरह से अपने पारंपरिक जल में मछली पकड़ने पर निर्भर हैं, अत्यधिक अनिश्चित और खतरनाक बना दिया है।
उन्होंने कहा, 'केवल साल 2024 में ही अब तक 530 मछुआरों को गिरफ्तार किया गया और 71 नावें जब्त की गई हैं। हालिया गिरफ्तारी और हमलों ने मछुआरों में भय की भावना पैदा कर दी है, जो अपनी आजीविका के लिए पूरी तरह से मछली पकड़ने पर निर्भर हैं।'