विवाद के बाद आगरा पहुंचे आदित्यनाथ ने ताजमहल का दीदार किया
विवाद के बाद आगरा पहुंचे आदित्यनाथ ने ताजमहल का दीदार किया
आगरा। मोहब्बत की जीती-जागती मिसाल कहलाने वाले ताजमहल को लेकर भाजपा के मंत्रियों और नेताओं के विवादित बयानों की पृष्ठभूमि में आगरा पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को 17वीं सदी की इस इमारत के बाहर पार्किंग में झाडू लगाकर सफाई की।
दर्जनों अधिकारियों और पुलिस कमांडो के साथ यहां पहुंचे योगी ने पीले दस्ताने, सफेद टोपी और प्रदूषण रोधी मास्क पहन कर भाजपा के करीब 500 कार्यकर्ताओं के साथ ताजमहल के पश्चिमी दरवाजे पर झाडू लगाई।आज ताज महल पश्चिमी गेट पर स्वच्छता अभियान कार्यक्रम में हिस्सा लिया। pic.twitter.com/MsOBUtaRj1
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 26, 2017
गुरुवार सुबह आगरा पहुंचे मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए शहर में 14,000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। आदित्यनाथ ताजमहल का दीदार करने वाले उत्तर प्रदेश में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री हैं।
उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की बुकलेट में राज्य की विकास परियोजनाओं की सूची से ताजमहल का नाम नदारद होने, मंत्रियों और विधायकों द्वारा विवादित बयान दिये जाने की पृष्ठभूमि में योगी आदित्यनाथ के ताजमहल आने की घोषणा हुई थी।
आज ताज महल परिसर का भ्रमण किया। pic.twitter.com/1tmXirfEMg
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 26, 2017
गौरतलब है कि भाजपा विधायक संगीत सोम ने ताजमहल को भारतीय इतिहास पर धब्बा बताया था जबकि भाजपा सांसद विनय कटियार ने कहा था कि यह मूल रूप से शिव मंदिर तेजो महालय है।
हालांकि, इस विवाद के बीच, गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी ने ताजमहल को भारतीयों के खून पसीने से बनी इमारत बताते हुए इसे विश्वस्तरीय स्मारक एवं भारत का गौरव करार दिया था।
योगी की यह टिप्पणी बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान दिये गए उनके बयान के बिल्कुल विपरीत थी। चुनाव प्रचार के दौरान योगी ने कहा था कि ताजमहल भारतीय संस्कृति को नहीं दर्शाता है और विदेश से आने वाले गणमान्य लोगों को ताजमहल की प्रतिकृति के स्थान पर गीता की प्रति भेंट की जानी चाहिए।