भाजपा का आरोप- किसान आंदोलन को खून-खराबे में बदलना चाहती है कांग्रेस

भाजपा का आरोप- किसान आंदोलन को खून-खराबे में बदलना चाहती है कांग्रेस
नई दिल्ली/दक्षिण भारत। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस किसान आंदोलन को खून-खराबे में बदलना चाहती है। यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए भाजपा नेता दुष्यंत गौतम ने कहा कि 25 दिसंबर को अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिन पूरे देश में मनाया गया। पंजाब में भी किसान और भाजपा कार्यकर्ता अटलजी के जन्मदिन को मना रहे थे, क्योंकि उनका किसानों के प्रति काफी स्नेह था।
गौतम ने कहा कि पंजाब में कल किसान और भाजपा कार्यकर्ता अटलजी का जन्मदिन मना रहे थे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम सुन रहे थे। लेकिन वहां पंजाब सरकार ने पुलिस की मदद से किसानों पर लोहे की रॉड, डंडों से वार किया। इसके कारण लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।गौतम ने कहा कि पंजाब की पुलिस ने भी कांग्रेस पुलिस बनकर काम किया। कहीं भी किसी को नहीं रोका, बल्कि हमारा टेंट उखाड़ दिया गया और हमें ही कहा गया कि आप पीछे के गेट से निकल जाइए।
गौतम ने कहा कि कांग्रेस किसान आंदोलन को खून-खराबे में बदलना चाहती है। उनके सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि पहली तारीख के बाद खून-खराबा होगा, लाशें बिछेंगी। आने वाले समय में कोई खून-खराबा या हानि हुई तो इसकी जिम्मेदार कांग्रेस और वहां बैठे वामपंथी दल होंगे।
About The Author
Related Posts
Latest News
