कांग्रेस में भविष्य नजर नहीं आता देख विधायक छोड़ रहे पार्टी: जावड़ेकर
कांग्रेस में भविष्य नजर नहीं आता देख विधायक छोड़ रहे पार्टी: जावड़ेकर
नई दिल्ली/भाषा। सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने भाजपा पर कांग्रेस के विधायकों को तोड़ने के आरोप को बेबुनियाद बताते हुए बृहस्पतिवार को कहा, कांग्रेस अपने राजनीतिक दिवालियापन पर है। उनसे (कांग्रेस नेतृत्व) पार्टी संभल नहीं रही है और उनके विधायकों को वहां उनका भविष्य नजर नहीं आता, इसलिए लोग पार्टी छोड़ रहे हैं। कांग्रेस हमें जिम्मेदार बता रही है।
राज्यसभा में बजट पर चर्चा शुरू होने पर कांग्रेस के सदस्यों ने भाजपा पर कर्नाटक और गोवा में उनकी पार्टी के विधायकों को तोड़ने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। जावड़ेकर ने संसद भवन परिसर में इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस में मची भगदड़ के लिए कांग्रेस स्वयं जिम्मेदार है।उन्होंने कहा, इनकी पार्टी (कांग्रेस) का पिछले 40 दिन से कोई अध्यक्ष नहीं है। इसके लिए भाजपा कैसे जिम्मेदार है? कांग्रेस नेतृत्व का अपने नेताओं से कोई संवाद नहीं है, इसलिए पार्टी बिखर रही है।
जावड़ेकर ने कहा कि भाजपा को कोसने से कांग्रेस की स्थिति नहीं सुधरेगी, उन्हें आत्मावलोकन करने की जरूरत है। उन्होंने उच्च सदन की बैठक निरंतर बाधित करने के लिए कांग्रेस की भर्त्सना करते हुए कहा कि कांग्रेस को अपनी नकारात्मक सोच बदलनी चाहिए।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा संसद भवन परिसर में धरना देकर केन्द्र सरकार पर लोकतंत्र की हत्या करने के आरोप लगाने के जवाब में जावड़ेकर ने कहा, केंद्र सरकार या भाजपा कुछ नहीं कर रही है, आपसे (सोनिया, राहुल) पार्टी संभल नहीं रही है। इसमें भाजपा का क्या दोष है?
About The Author
Related Posts
Latest News
