प्रियंका बोलीं- उप्र में कांग्रेस का संगठन कमजोर, जहां प्रत्याशी हल्के, वहां काटेंगे भाजपा के वोट
प्रियंका बोलीं- उप्र में कांग्रेस का संगठन कमजोर, जहां प्रत्याशी हल्के, वहां काटेंगे भाजपा के वोट
लखनऊ/दक्षिण भारत। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी द्वारा उत्तर प्रदेश में पार्टी के संबंध में दिया गया एक बयान काफी चर्चा में है। दरअसल उन्होंने कहा है कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी का संगठन कमजोर है। उन्होंने लोकसभा चुनाव में उतारे पार्टी प्रत्याशियों के लिए कहा कि हर सीट जीतने के लिए नहीं होती है। हारने वाली सीटों पर वोट काटने वाले प्रत्याशियों को उतारा गया है ताकि वे भाजपा के वोट काट सकें।
प्रियंका के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज हो गई है कि जो पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखे हमले कर सत्ता में आने और ‘न्याय’ योजना का दावा कर रही थी, अब उक्त बयान के सन्दर्भ में क्या अर्थ निकाला जाए। चूंकि लोकसभा सीटों के लिहाज से सबसे बड़ा राज्य उत्तर प्रदेश केंद्र में सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है। अगर संगठन वहां कमजोर है तो आगे की राह आसान नहीं हो सकती।प्रियंका गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का संगठन कमजोर है और यहां उसे मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि जहां हमारे प्रत्याशी मजबूत हैं, वहां कांग्रेस जीतेगी। इसके अलावा जहां प्रत्याशी हल्के हैं, वहां ऐसे प्रत्याशी दिए हैं जो भाजपा के वोट काट सकें।
प्रियंका ने कहा कि राजनीति सिर्फ जीतने के लिए नहीं होती। उन्होंने स्पष्ट किया कि 2019 में उनकी रणनीति उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराना है। उन्होंने उत्तर प्रदेश से भाजपा की हार का भी दावा किया।
बता दें कि प्रियंका ने बुधवार को रायबरेली में चुनाव प्रचार के दौरान पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने यह बयान दिया। कांग्रेस की ओर से इस बार फिर अमेठी से राहुल गांधी और रायबरेली से सोनिया गांधी प्रत्याशी हैं। खासतौर से अमेठी के मुकाबले की ओर देशभर की निगाहें हैं, जहां उनके सामने भाजपा ने एक बार फिर स्मृति ईरानी को टिकट दिया है। इस बार राहुल गांधी अमेठी के अलावा केरल की वायनाड सीट से भी लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं।
देश-दुनिया की हर ख़बर से जुड़ी जानकारी पाएं FaceBook पर, अभी LIKE करें हमारा पेज.