बंगाल: रुझानों में 100 के आंकड़े से नीचे आई तृणकां

भाजपा 177 सीटों पर आगे है

बंगाल: रुझानों में 100 के आंकड़े से नीचे आई तृणकां

Photo: AITCofficial FB Page

कोलकाता/दक्षिण भारत। पश्चिम बंगाल में रुझानों में भाजपा ने तृणकां को बहुत पीछे छोड़ दिया है। ताजा रिपोर्टों के अनुसार, भाजपा 177 और तृणकां 92 सीटों पर आगे है। 

Dakshin Bharat at Google News
भाजपा ने बहुमत के आंकड़े को आसानी से पार कर लिया। इससे बंगाल में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में हर्ष की लहर है। आम जनता उन्नयन पार्टी भी 2 सीटों पर आगे चल रही है। भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा भी एक सीट पर आगे है। एक सीट पर सीपीआई (एम) उम्मीदवार आगे है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भवानीपुर से दोबारा बढ़त बना ली है। सुबह वे पीछे चल रही थीं। ताजा रिपोर्टों के अनुसार, यहां ममता बनर्जी को अब तक 30548 वोट मिल चुके हैं। भाजपा के सुवेंदु अधिकारी के ​खाते में अब तक 11155 वोट आए हैं। इस तरह 19393 वोटों का अंतर है। 

खड़गपुर सदर सीट से भाजपा के दिलीप घोष आगे चल रहे हैं। उन्हें अब तक 11567 वोट मिल चुके हैं। उन्होंने 6485 वोटों के अंतर से बढ़त बना रखी है। दूसरे स्थान पर तृणकां के प्रदीप सरकार हैं। कांग्रेस यहां कोई कमाल दिखाती नजर नहीं आ रही है। उसकी उम्मीदवार अब तक सिर्फ 459 वोट ले पाई हैं। 

नंदीग्राम से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी 24376 वोट लेकर सबसे आगे चल रहे हैं। उन्होंने 7698 वोटों की बढ़त ले रखी है। दूसरे स्थान पर तृणकां के पवित्र कर हैं। आसनसोल दक्षिण से भाजपा की अग्निमित्रा पॉल सबसे आगे चल रही हैं। उन्होंने 24888 वोटों की भारी बढ़त बना रखी है। दूसरे स्थान पर तृणकां के तपस बनर्जी हैं।

बरहामपुर सीट से कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी पीछे चल रहे हैं। उन्हें भाजपा के सुब्रत मैत्रा (कंचन) ने 4323 वोटों के अंतर से पछाड़ दिया है। तीसरे स्थान पर तृणकां के नारू गोपाल मुखर्जी हैं। 

बगदा से भाजपा उम्मीदवार सोमा ठाकुर 40699 वोट लेकर सबसे आगे चल रही हैं। उन्होंने 16525 वोटों की बढ़त बना रखी है। दूसरे स्थान पर तृणकां की मधुपर्णा ठाकुर हैं। फॉरवर्ड ब्लॉक के गौर बिस्वास 1173 वोट लेकर तीसरे स्थान पर हैं।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download