भाजपा का कार्यकर्ता सत्ता की नहीं, सेवा और संकल्प की राजनीति करता है: नितिन नबीन
नितिन नबीन ने कहा कि यह यात्रा लंबी है और चुनौतियां भी आएंगी ...
Photo: @BJP4India X account
नई दिल्ली/दक्षिण भारत। भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी में संगठन केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि एक संस्कार है। आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में मेरा निर्वाचन एक साधारण कार्यकर्ता की असाधारण यात्रा को मिला सम्मान है और सेवा का दृढ़ संकल्प है।
नितिन नबीन ने कहा कि इस नई जिम्मेदारी के लिए मैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करता हूं। मैं उन सभी प्रदेशों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का भी हृदय से आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने इस पद के लिए मेरा नाम प्रस्तावित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने देश को विकसित भारत बनाने का जो संकल्प दिया है, उसे साकार करने के लिए हम सभी पूर्ण एकजुटता और प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्यरत रहेंगे।नितिन नबीन ने कहा कि मैं पूरे आदर और सम्मान के साथ जेपी नड्डा के नेतृत्व के लिए उनका हार्दिक आभार प्रकट करता हूं। उनके नेतृत्व में संगठन ने अभूतपूर्व विस्तार देखा और कार्यकर्ता-आधारित राजनीति तथा सेवा की संस्कृति और अधिक सुदृढ़ हुई। उसी संगठनात्मक परंपरा को आगे बढ़ाना मेरा साझा संकल्प है।
नितिन नबीन ने कहा कि भाजपा देश की एकमात्र ऐसी पार्टी है जहां बड़े पदों और बड़ी जिम्मेदारियों के लिए किसी विशेष परिवार से होना आवश्यक नहीं है। यहां साधारण कार्यकर्ता होना ही सबसे बड़ी योग्यता है। इसी संगठन में एक सामान्य परिवार का व्यक्ति देश का प्रधानमंत्री बन सकता है और एक साधारण कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे दायित्व तक पहुंच सकता है।
नितिन नबीन ने कहा कि एक कार्यकर्ता के रूप में संगठन में जमीनी स्तर से लेकर आज इस दायित्व तक पहुंचना, मेरे लिए सौभाग्य और जिम्मेदारी दोनों हैं। पार्टी के वरिष्ठजनों और करोड़ों कार्यकर्ताओं के अटूट विश्वास और अपार सहयोग से ही यह संभव हुआ है। यही भारतीय जनता पार्टी की आत्मा है, और यही उसे अन्य राजनीतिक दलों से मूल रूप से अलग बनाती है।
नितिन नबीन ने कहा कि हमारा लक्ष्य बिल्कुल स्पष्ट है: 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना और प्रधानमंत्री के संकल्प को सिद्ध करना। एक ऐसा भारत बनाना, जहां विकास और विरासत साथ-साथ आगे बढ़ें।
नितिन नबीन ने कहा कि मुझे ज्ञात है कि यह यात्रा लंबी है और चुनौतियां भी आएंगी, लेकिन भाजपा का कार्यकर्ता कभी डगमगाता नहीं, क्योंकि वह सत्ता की नहीं, सेवा और संकल्प की राजनीति करता है। मुझे गर्व है कि मैं इस महान संगठन का कार्यकर्ता हूं। मुझे गर्व है कि मैं भाजपा परिवार का हिस्सा हूं।


