कांग्रेस ने सरकारें बनाने और वोट पाने के लिए असम की मिट्टी घुसपैठियों को सौंप दी: प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री ने काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया

कांग्रेस ने सरकारें बनाने और वोट पाने के लिए असम की मिट्टी घुसपैठियों को सौंप दी: प्रधानमंत्री

Photo: @BJP4India X account

नागांव/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को असम में काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज फिर काजीरंगा आने का सौभाग्य मिला है। ऐसे में मुझे अपनी पिछली यात्रा की याद आना बहुत स्वाभाविक है।

Dakshin Bharat at Google News
प्रधानमंत्री ने कहा कि दो वर्ष पहले काजीरंगा में बिताए गए पल मेरे जीवन के बहुत खास अनुभवों में शामिल हैं। मुझे काजीरंगा नेशनल पार्क में रात्रि विश्राम का अवसर मिला था और अगले दिन एलीफेंट सफारी के दौरान मैंने इस क्षेत्र की सुंदरता को बहुत करीब से महसूस किया था। मुझे असम आकर हमेशा एक अलग ही खुशी मिलती है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते कुछ समय में जितने भी चुनाव परिणाम आए हैं, उनका जनादेश स्पष्ट है। देश का वोटर आज सुशासन चाहता है, विकास चाहता है, वह विकास और विरासत, दोनों पर फोकस रखता है। इसलिए वह भाजपा को पसंद करता है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इन चुनावों का एक और संदेश है। कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को देश लगातार नकार रहा है। जिस मुंबई शहर में कांग्रेस का जन्म हुआ था, वहां आज वह चौथे या पांचवें नंबर की पार्टी बन गई है। जिस महाराष्ट्र पर कांग्रेस ने वर्षों शासन किया, वहां वह पूरी तरह से सिमट गई है। कांग्रेस देश का भरोसा खो चुकी है, क्योंकि उसके पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भाजपा पूरे देश में लोगों की पहली पसंद बन गई है। बीते एक-डेढ़ वर्ष से भाजपा पर देश का भरोसा लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल ही में बिहार में चुनाव हुए, वहां 20 वर्ष बाद भी जनता ने भाजपा को रिकॉर्ड वोट दिए हैं और रिकॉर्ड सीटें जिताई हैं। दो दिन पहले ही महाराष्ट्र के बड़े शहरों में मेयर और पार्षदों के चुनाव परिणाम आए हैं। वहां की जनता ने पहली बार भाजपा को रिकॉर्ड जनादेश दिया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि काजीरंगा केवल एक राष्ट्रीय पार्क नहीं है, यह असम की आत्मा है। यह भारत की जैव विविधता का एक अनमोल रत्न है। यूनेस्को ने इसे विश्व धरोहर स्थल का दर्जा दिया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब प्रकृति सुरक्षित होती है, तो उसके साथ अवसर भी पैदा होते हैं। पिछले कुछ वर्षों में काजीरंगा में पर्यटकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई है। होमस्टे, गाइड सेवाएं, परिवहन, हस्तशिल्प और छोटे व्यवसायों के माध्यम से स्थानीय युवाओं को आय के नए साधन मिले हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक, एक सोच यह बनी रही कि प्रकृति और प्रगति एक-दूसरे के विपरीत हैं, कहा जाता था कि ये दोनों साथ नहीं चल सकते, लेकिन आज भारत दुनिया को दिखा रहा है कि ये दोनों साथ-साथ आगे बढ़ सकते हैं। इकोनॉमी भी, इकोलॉजी भी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ सरकारें बनाने और कुछ वोट पाने के लिए असम की मिट्टी को घुसपैठियों को सौंप दिया। कांग्रेस ने दशकों तक असम में सरकार बनाई और इस दौरान घुसपैठ बढ़ती गई।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की एक ही रीति है- 'घुसपैठियों को बचाओ, घुसपैठियों की मदद से सत्ता पाओ।' पूरे देश में कांग्रेस और उसके साथी यही कर रहे हैं। बिहार में भी इन्होंने घुसपैठियों को बचाने के लिए यात्राएं निकालीं, रैलियां निकालीं, लेकिन बिहार की जनता ने कांग्रेस का सूपड़ा साफ कर दिया। अब असम की जनता की बारी है। मुझे विश्वास है कि असम की धरती से भी कांग्रेस को करारा जवाब मिलेगा।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download