बेगूसराय: मोदी ने महागठबंधन को बताया 'महालठबंधन'

कहा- इसमें अटक दल, लटक दल, घटक दल, झटक दल और पटक दल हैं

बेगूसराय: मोदी ने महागठबंधन को बताया 'महालठबंधन'

Photo: @BJP4India X account

बेगूसराय/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार के बेगूसराय में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने सभी को छठ महापर्व की शुभ कामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि जब छठी मैया की पूजा की बात आती है तो शारदा सिन्हा को याद करना स्वाभाविक है। वे बेगूसराय की बहू थीं। हमारी सरकार को उन्हें पहले पद्म भूषण और इस वर्ष पद्म विभूषण से सम्मानित करने का अवसर मिला। शारदा सिन्हा अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके अमर गीत हमेशा गूंजते रहेंगे।

Dakshin Bharat at Google News
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज बेगूसराय की यह धरती एक नए उत्साह से भरी हुई है। यहां नौजवानों का जोश है, बहनों-बेटियों का भरपूर आशीर्वाद है। यह सिर्फ जनसभा नहीं है। यह बिहार के सपनों का, नए संकल्पों का मेला है। इस जनसभा का पूरे बिहार को संदेश है- फिर एक बार राजग सरकार, फिर एक बार सुशासन की सरकार।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आपने हमेशा मोदी पर भरोसा किया है, नीतीश पर आशीर्वाद बरसाया है। राजग के लिए आपका यही प्यार, आपका अटल विश्वास अब बिहार को विकास के नए दौर की तरफ ले जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आपको अपने एक वोट की ताकत समझनी है। आपके एक वोट से ही बिहार की समृद्धि तय होगी, विकसित भारत बनाने का संकल्प मजबूत होगा। हमने जंगलराज को सुशासन में बदला है। अब सुशासन को समृद्धि में बदलने का समय है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं बिहार की समृद्धि के लिए आप सभी का आशीर्वाद लेने आया हूं। मैं बिहार के नौजवानों से विशेष आग्रह करने आया हूं। वह साल 2005 का अक्टूबर महीना ही था, जब आपके माता-पिता ने बिहार को जंगलराज से मुक्त किया था और सुशासन को चुना था। अब 2025 का ये अक्टूबर-नवंबर आपके लिए नए अवसर और एक बड़ी जिम्मेदारी लेकर आए हैं। आपको अपने और बिहार की आने वाली पीढ़ियों के लिए समृद्ध बिहार बनाना है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब से बिहार चुनाव की घोषणा हुई है, तब से हम एक चीज साफ-साफ देख रहे हैं। एक तरफ राजग है, नीतीश कुमार, जीतनराम मांझी, उपेंद्र कुशवाहा, चिराग पासवान का सूझबूझ से भरा हुआ नेतृत्व है। इसको भाजपा की हमारी टीम दिलीप, सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा से और मजबूती मिलती है। वहीं दूसरी तरह लाठियां भांज रहा महालठबंधन है। ये लोग कैमरे पर आकर कुछ भी बोलें, लेकिन पीठ पीछे एक दूसरे की खाल खींच रहे हैं। इस महालठबंधन में अटक दल है, लटक दल है, घटक दल है, झटक दल है और पटक दल हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि राजद बीते दो दशकों में कोई चुनाव नहीं जीता, लेकिन अपने अहंकार में अटका हुआ है। इसी अहंकार में इन्होंने झामुमो को झटक दिया। कांग्रेस 35 साल से बिहार में राजद की पिछलग्गू बनी हुई है। इस बार राजद ने उसको फिर पटक दिया। इन लोगों ने वीआईपी को भी भटका दिया और लेफ्ट के जो दल हैं, उनको लटका दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब स्वार्थ हावी होता है, लूट-खसोट ही लक्ष्य होता है, तो वही होता है, जो राजद और कांग्रेस वाले कर रहे हैं। ये लोग पहले टिकट बेचते हैं, फिर घोटाले करते हैं। एक राजद का परिवार है, जो बिहार का सबसे भ्रष्ट परिवार है और उसके ज्यादातर लोग अदालत से जमानत पर बाहर खड़े हैं, जमानत पर जीने के लिए मजबूर हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस का एक परिवार है, जो देश का सबसे भ्रष्ट परिवार है। इस परिवार के भी ज्यादातर लोग जमानत पर बाहर हैं। बिहार ऐसे लोगों पर भरोसा नहीं करता। इसलिए, पूरे बिहार में एक ही नारा गूंज रहा है- नई रफ्तार से चलेगा बिहार, फिर आएगी राजग सरकार!

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download