पाकिस्तानी सैनिकों ने एलओसी पर 10वें दिन भी संघर्ष विराम का उल्लंघन किया
भारतीय सेना ने तुरंत और उचित जवाब दिया

Photo: ISPR
जम्मू/दक्षिण भारत। पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू एवं कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास विभिन्न सेक्टरों में बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी जारी रखी, जिसका भारतीय सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात को केंद्र शासित प्रदेश के पांच जिलों में आठ स्थानों पर पाकिस्तान की ओर से संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया, लेकिन किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।जम्मू एवं कश्मीर में सीमा पार से बिना उकसावे के गोलीबारी की यह लगातार 10वीं रात थी, जबकि पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद तनाव बढ़ गया था। उस हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे।
एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा, '3 और 4 मई की रात को पाकिस्तानी सेना की चौकियों ने नियंत्रण रेखा के पार कुपवाड़ा, बारामूला, पुंछ, राजौरी, मेंढर, नौशेरा, सुंदरबनी और जम्मू-कश्मीर के अखनूर क्षेत्रों में बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की। भारतीय सेना ने तुरंत और उचित जवाब दिया।'
भारत और पाकिस्तान द्वारा 25 फरवरी, 2021 को संघर्ष विराम समझौते को नवीनीकृत करने के बाद से नियंत्रण रेखा और अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर संघर्ष विराम उल्लंघन बहुत कम हो गया था।
एहतियाती कदम उठाते हुए, घबराए हुए सीमावर्ती ग्रामीणों ने अपने सामुदायिक और व्यक्तिगत बंकरों को साफ करना शुरू कर दिया है, ताकि उन्हें रहने योग्य बनाया जा सके।