कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन पर फैसला कांग्रेस आलाकमान को करना है: सिद्दरामय्या
डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार हैं

Photo: Siddaramaiah.Official FB Page
बेंगलूरु/दक्षिण भारत। कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री सिद्दरामय्या ने सोमवार को कहा कि इस बारे में फैसला कांग्रेस आलाकमान को करना है।
राज्य के राजनीतिक हलकों में, विशेषकर सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी में, इस वर्ष के आखिर में 'रोटेशनल मुख्यमंत्री' या 'सत्ता-साझाकरण' फॉर्मूले के तहत मुख्यमंत्री बदलने की चर्चा चल रही है।नेतृत्व परिवर्तन पर चर्चा के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में सिद्दरामय्या ने संवाददाताओं से कहा, 'इसका निर्णय आलाकमान को करना है।'
उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, जो राज्य कांग्रेस अध्यक्ष भी हैं, मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार हैं और उन्होंने मुख्यमंत्री बनने की अपनी महत्वाकांक्षा को किसी से छुपाया नहीं है।
पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के एक वर्ग द्वारा बार-बार शिवकुमार को अगले मुख्यमंत्री के रूप में पेश करने का प्रयास किया गया है।
मई 2023 में विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए सिद्दरामय्या और शिवकुमार के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा थी और कांग्रेस शिवकुमार को मनाने में कामयाब रही और उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया।
उस समय कुछ खबरें थीं कि 'रोटेशनल मुख्यमंत्री फॉर्मूले' के आधार पर समझौता हो गया है, जिसके अनुसार शिवकुमार ढाई साल बाद मुख्यमंत्री बनेंगे, लेकिन पार्टी द्वारा इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
About The Author
Related Posts
Latest News
