'आप' ने झूठ बोलने और लोगों को गुमराह करने के अलावा कुछ नहीं किया: जेपी नड्डा
नड्डा ने दिल्ली के बुराड़ी में चुनावी जनसभा को संबोधित किया

Photo: BJP X account
नई दिल्ली/दक्षिण भारत। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को दिल्ली के बुराड़ी में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह चुनाव आप-दा से मुक्ति पाने का चुनाव है। यह दिल्ली को फिर से विकसित बनाने की ओर बढ़ाने का चुनाव है।
नड्डा ने कहा कि 10 साल में आप-दा वालों ने बस प्रेसवार्ता कर मोदी को गाली दी है। केंद्र सरकार पर आरोप लगा कर अपनी नाकामियों को छिपाया है।नड्डा ने कहा कि केजरीवाल झूठ बोलने की मशीन हैं, झूठ का एनसाइक्लोपीडिया हैं। सिवाय झूठ बोलने और लोगों को गुमराह करने के, इन लोगों ने पूरे 10 साल कुछ नहीं किया। भ्रष्टाचार में तो रिकॉर्ड तोड़ दिया।
नड्डा ने कहा कि जिस पार्टी ने 10 साल पहले भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ने का ढोंग रचा था और खुद को कट्टर ईमानदार बताते थे, वे कट्टर भ्रष्टाचारी निकले।
नड्डा ने कहा कि इन्होंने (आम आदमी पार्टी) बसों में पैनिक बटन लगाने का दावा किया और 500 करोड़ रुपए का घोटाला किया। जबकि किसी बस में पैनिक बटन नहीं दिखता है। असल में पैनिक बटन की जरूरत तो 'शीश महल' में थी, जहां महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।
नड्डा ने कहा कि आज दिल्ली कूड़े का ढेर बन गई है। गली-गली, घर-घर कूड़े का ढेर लगा हुआ है। पांच साल पहले ये (केजरीवाल) गाजीपुर में कूड़े का पहाड़ देखने गए थे और बता रहे थे कि मैं इसे साफ कर दूंगा। कूड़े के पहाड़ को तो साफ नहीं किया, बल्कि आपके घर के आगे कूड़े का ढेर लगा दिया है।