केजरीवाल से बोले नड्डा: यमुना में 'जहर' के लिए हरियाणा, दिल्ली के लोगों से माफी मांगें
उन्होंने एक एक्स पोस्ट में इन्फोग्राफिक भी टैग किया ...

Photo: JagatPrakashNadda FB Page
नई दिल्ली/दक्षिण भारत। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को कहा कि यमुना प्रदूषण पर 'आप' के आरोप-प्रत्यारोप ने उसकी सरकार की अक्षमता को उजागर कर दिया है। उन्होंने आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से कहा कि वे यमुना में जहर मिलाने संबंधी अपनी टिप्पणी के लिए हरियाणा और दिल्ली के लोगों से माफी मांगें।
उन्होंने एक एक्स पोस्ट में एक इन्फोग्राफिक भी टैग किया, जिसमें कहा गया कि यमुना के दिल्ली में प्रवेश करते ही प्रदूषण बढ़ जाता है।नड्डा ने अपनी पोस्ट में कहा, 'यमुना प्रदूषण पर आप-दा का आरोप-प्रत्यारोप उसकी अक्षमता और विफल शासन व्यवस्था को उजागर करता है।'
उन्होंने कहा, 'आप-दा सरकार ने जिम्मेदारी लेने के बजाय राजनीतिक लाभ के लिए लोगों में डर फैलाना शुरू कर दिया है। अरविंद केजरीवाल को अपने बयान के लिए हरियाणा और दिल्ली के लोगों से माफी मांगनी चाहिए।'
नड्डा ने आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार ने 10 साल से ज़्यादा समय तक भ्रष्टाचार, झूठ और खोखले वादों के अलावा कुछ नहीं किया है। उन्होंने कहा, 'केंद्र सरकार से 8,500 करोड़ रुपए मिलने के बावजूद नदी की सफाई के लिए कोई सार्थक काम नहीं हुआ है।'