कांग्रेस एक ऐसी बेल, जिसकी अपनी न कोई जड़ और न जमीन है: मोदी
प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र के परभणी में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित किया

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह चुनाव भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए है
परभणी/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को महाराष्ट्र के परभणी में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि साल 2024 का यह चुनाव केवल सरकार बनाने के लिए नहीं हो रहा है। इस चुनाव का लक्ष्य है- भारत को विकसित और आत्मनिर्भर बनाना, इसलिए साल 2024 के चुनाव के मुद्दे सामान्य नहीं हैं। हर मुद्दा महत्त्वपूर्ण है, हर कदम महत्त्वपूर्ण है, हर संकल्प महत्वपूर्ण है। इसलिए यह चुनाव भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमने पिछले कार्यकाल में चंद्रयान की सफलता को देखा है। इस चुनाव के बाद 140 करोड़ देशवासी गगनयान की सफलता भी देखेंगे। यह पहला चुनाव है, जब सेना के हथियारों से लेकर कोरोना की वैक्सीन तक, लोग आत्मनिर्भर भारत की सफलता की हर कोने में चर्चा कर रहे हैं। सिर्फ 10 वर्षों में देश ने विकास की एक लंबी दूरी तय कर ली है।प्रधानमंत्री ने कहा कि आज परभणी के 12 लाख से ज्यादा गरीबों को बिना भेदभाव मुफ्त राशन मिल रहा है, ताकि उनके घर का चूल्हा जलता रहे और यह सुविधा आने वाले पांच वर्षों में भी जारी रहेगी। आज परभणी में 17 जनऔषधि केंद्रों से सभी को 80 प्रतिशत छूट पर दवाएं मिल रही हैं। यहां बिना भेदभाव सवा लाख से ज्यादा महिलाओं को उज्ज्वला गैस कनेक्शन दिया गया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार बड़े पैमाने पर श्रीअन्न को बढ़ावा दे रही है। आपके यहां का ज्वार, बाजरा केवल महाराष्ट्र और देश को नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को पौष्टिक लाभ देगा। आपके सपने ही मेरा संकल्प हैं। इसलिए हम समस्याओं के समाधान के लिए ठोस काम करते हैं, ठोस काम में भरोसा करते हैं और ठोस काम को पूरा करने के लिए मेहनत करते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राजग सरकार के अगले पांच वर्षों के लिए हमारी पार्टी ने अपना संकल्प पत्र जारी किया है। यह संकल्प पत्र मोदी का गारंटी कार्ड है। कांग्रेस एक ऐसी बेल है, जिसकी अपनी न कोई जड़ है, न जमीन है और इसे जो सहारा देता है, यह उसे ही सुखा देती है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के समय कांग्रेस ने देश का विभाजन करवा दिया, आजादी के बाद कश्मीर की समस्या खड़ी कर दी। कांग्रेस ने 370 के बहाने बाबा साहेब का संविधान कश्मीर में लागू नहीं होने दिया। वहां के दलितों को इतने वर्षों तक अधिकार ही मिलने नहीं दिए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र में जब तक इंडि अघाड़ी वालों ने सरकार चलाई, इन्होंने लगने ही नहीं दिया कि निजामों का कब्जा चला गया है। रजाकारों की मानसिकता यहां हावी थी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हम गारंटी देते हैं कि 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को आयुष्मान भारत योजना के तहत लाभ मिलेगा। हम समग्र विकास सुनिश्चित करेंगे और भारत को एक विकसित और आत्मनिर्भर देश बनाएंगे।
About The Author
Related Posts
Latest News
