मीटू के लपेटे में आए अनु मलिक की इंडियन आइडल 10 के निर्णायक मंडल से छुट्टी

मीटू के लपेटे में आए अनु मलिक की इंडियन आइडल 10 के निर्णायक मंडल से छुट्टी

anu malik

मुंबई। मीटू अभियान के तहत गंभीर आरोपों का सामना कर रहे संगीतकार अनु मलिक को ‘इंडियन आइडल 10’ के निर्णायक मंडल से हटा दिया गया है। अनु मलिक पर अब तक चार महिलाएं उत्पीड़न संबंधी आरोप लगा चुकी हैं। इसके बाद यह चर्चा जोरों पर थी कि शो से उनकी छुट्टी हो सकती है। मलिक पर सिंगर सोना मोहपात्रा और श्वेता पंडित ने ये आरोप लगाए हैं। इसके अलावा दो अन्य महिलाएं हैं जिनके नामों का खुलासा नहीं किया गया है।

Dakshin Bharat at Google News
इस संबंध में चैनल ने बयान जारी किया कि अनु मलिक शो के निर्णायक मंडल का हिस्सा नहीं होंगे। हालांकि शो अपने नियत समय के ​अनुसार जारी रहेगा। उसने कहा है कि वह जल्द संगीत के किसी जानेमाने चेहरे को बतौर मेहमान पेश करेगा, जो नेहा और विशाल के साथ जुड़ेगा।

अनु मलिक पर ये आरोप लगने के बाद चर्चाओं का दौर जारी था। इस बीच एक महिला के हवाले से छपी रिपोर्ट में बताया गया कि वह उन महिलाओं को जानती है जिन्होंने अनु मलिक पर गंभीर किस्म के आरोप लगाए। एक अन्य रिपोर्ट में किसी महिला प्रोड्यूसर की ओर से दावा किया गया है कि शूटिंग कर रही टीम में लोगों को अनु मलिक से जुड़े इन मामलों के बारे में पता था। मीटू के तहत लगे आरोपों का मामला तूल पकड़ने के बाद चैनल ने सख्ती दिखाई और अनु मलिक को शो से बाहर कर दिया गया।

भारत में महिलाओं के उत्पीड़न और छेड़छाड़ जैसी घटनाओं को लेकर सोशल मीडिया पर आपबीती लिखने के बाद सिनेमा और सियासत में भूचाल आ गया। सिंगर श्वेता पंडित ने ट्विटर पर अपनी आपबीती लिखते हुए 2001 की एक घटना का जिक्र किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वे सिर्फ 15 साल की थीं तो अनु मलिक ने उन्हें गलत शब्द बोले। उन्होंने दावा किया कि अनु मलिक के आॅफिस की ओर से उन्हें फोन कर बुलाया गया। वे अपनी मां के साथ स्टूडियो पहुंचीं।

श्वेता ने कहा कि उस समय अनु ‘आवारा पागल दीवाना’ फिल्म के गानों की रिकॉर्डिंग में व्यस्त थे। उन्हें एक छोटे कैबिन में रुकने के लिए कहा। उस कैबिन में अनु मलिक ने श्वेता से कहा कि वे गाना गाएं। उनका गाना सुनकर वे प्रभावित हुए। बाद में उन्होंने एक आपत्तिजनक मांग की।

वहीं सोना महापात्रा ने ट्विटर पर अपनी बात लिखते हुए अनु मलिक पर आरोप लगाए। उन्होंने लिखा, जो भी लड़कियां कैलाश खेर से जुड़े अपने अनुभव को साझा कर रही हैं वे अकेली नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया, कैलाश खेर सालों से ऐसे रहे हैं और इंडस्ट्री ने उनके जैसे कई और लोग भी हैं, जिनमें अनु मलिक भी शामिल हैं।

अनु मलिक ने इन आरोपों को खारिज किया है। संगीतकार समीर अंजान ने ट्वीट कर अनु मलिक का पक्ष लिया है। उन्होंने श्वेता के दावे को नकारा और कहा कि उस समय वे वहीं मौजूद थे और ऐसी कोई घटना नहीं हुई थी। अनु मलिक के वकील ने कहा था कि मीटू अभियान से उनके मुवक्किल का चरित्र हनन हो रहा है।

Tags:

About The Author

Related Posts

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download