प्रधानमंत्री मोदी कर्नाटक के दो दिवसीय दौरे पर बेंगलूरु पहुंचे

प्रधानमंत्री मोदी कर्नाटक के दो दिवसीय दौरे पर बेंगलूरु पहुंचे

राज्यपाल थावरचंद गहलोत, मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, वरिष्ठ भाजपा नेता बीएस येडियुरप्पा और पार्टी की प्रदेश इकाई के प्रमुख नलिन कुमार कतील ने मोदी की अगवानी की


बेंगलूरु/भाषा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक के दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को यहां पहुंचे। इन दो दिनों में वे शहर तथा मैसूरु में कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे तथा विभिन्न विकास कार्यों के लिए नीव रखेंगे या उनका उद्घाटन करेंगे।

Dakshin Bharat at Google News
वे इस दौरे पर बेंगलूरु उपनगरीय रेलवे परियोजना की नींव रखेंगे, डॉ. बीआर आंबेडकर स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (बेस) का उद्घाटन करेंगे, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में भाग लेंगे और मैसूरु की देवी चामुंडेश्वरी के दर्शन के लिए चामुंडी हिल्स जाएंगे तथा प्रतिष्ठित लिंगायत समुदाय के गुरुकुल सुत्तूर मठ भी जाएंगे।

राज्यपाल थावरचंद गहलोत, मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, वरिष्ठ भाजपा नेता बीएस येडियुरप्पा और पार्टी की प्रदेश इकाई के प्रमुख नलिन कुमार कतील ने यहां येलहांका वायुसेना अड्डे पर प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी की।

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी, बोम्मई के मंत्रिमंडल के कई सहकर्मी, सांसद, विधायक और अधिकारी मौजूद थे। प्रधानमंत्री के दौरे के लिए बेंगलुरु और मैसुरु में सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं।

नई दिल्ली से बेंगलूरु रवाना होने से पहले मोदी ने अपने दौरे की जानकारी देते हुए कन्नड़ और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में ट्वीट किया।

उन्होंने कहा, ‘कर्नाटक के लिए रवाना हो रहा हूं, जहां मैं बेंगलूरु और मैसुरु में कार्यक्रमों में भाग लूंगा। पहला कार्यक्रम आईआईएससी बेंगलूरु में होगा, जहां मस्तिष्क अनुसंधान के एक केंद्र का उद्घाटन किया जाएगा। बागची-पार्थसारथी मल्टीस्पैशियलिटी हॉस्पिटल की नींव रखी जाएगी।’

मोदी ने ट्वीट किया, ‘आज दोपहर को मैं डॉ. बीआर अंबेडकर स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (बेस), बेंगलूरु में बेस विश्वविद्यालय के एक नए परिसर का उद्घाटन करूंगा और डॉ. बीआर अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण करूंगा। इनके अलावा 150 प्रौद्योगिकी केंद्रों का लोकार्पण किया जाएगा।’

प्रधानमंत्री ने कहा कि बेंगलूरु में एक कार्यक्रम में 27,000 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का उद्घाटन किया जाएगा या उनकी नींव रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि इन कार्यों में विविध क्षेत्र आते हैं और इससे बेंगलूरु तथा उसके आसपास के इलाकों में लोगों के लिए ‘रहने की सुगमता’ बढ़ेगी।

उन्होंने कहा, ‘मैं शाम को करीब साढ़े पांच बजे मैसूरु पहुंच जाऊंगा और वहां भी विकास कार्यों का उद्घाटन किया जाएगा या उनकी नींव रखी जाएगी। मैं सुत्तूर मठ में एक कार्यक्रम में भी भाग लूंगा। कल सुबह मैसूरु में योग दिवस कार्यक्रम भी होगा।’

प्रधानमंत्री के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए बोम्मई ने उनका स्वागत किया और कहा, ‘समृद्ध जीव एवं वनस्पति से नवाजी गई हमारी भूमि को आजादी के अमृत महोत्सव में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने के लिए चुनने के वास्ते मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं।’

उन्होंने कहा, ‘माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी का विविध क्षेत्रों में 27,000 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं के जश्न का हिस्सा बनने के लिए हार्दिक आभार। इन परियोजनाओं से बेंगलूरु और आसपास के इलाकों के लोगों के लिए ‘रहने की सुगमता’ बढ़ेगी।’’

प्रधानमंत्री की कार्यसूची के अनुसार, आईआईएससी और बेस कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री कोम्माघाट जाएंगे, जहां वह भारत के पहले एयर कंडीशंड रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करने समेत बेंगलुरु में विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे।

वह कर्नाटक में 7,231 करोड़ रुपए की बेंगलूरु उपनगरीय रेलवे परियोजनाएं और छह राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की भी नींव रखेंगे।

इसके बाद वह मैसुरु रवाना होंगे, जहां वह नागनहल्ली रेलवे स्टेशन पर कोचिंग टर्मिनल की आधारशिला रखेंगे और फिर अखिल भारतीय वाक् श्रवण संस्थान (एआईआईएसएच) में ‘संचार विकार वाले व्यक्तियों के लिए उत्कृष्टता केंद्र’ राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके अलावा वह वहां केंद्र सरकार की योजना के लाभार्थियों से भी मुलाकात करेंगे।

वह सुत्तूर मठ में योग और भक्ति पर टिप्पणियां जारी करेंगे और ‘वेद पाठशाला’ इमारत का लोकार्पण करेंगे।

प्रधानमंत्री शाम को ही चामुंडी हिल्स जाएंगे और श्री चामुंडेश्ववरी मंदिर में देवी श्री चामुंडेश्वरी के दर्शन करेंगे तथा मैसूरु लौटेंगे और वहीं रुकेंगे।

मोदी 21 जून को ‘मानवता के लिए योग’ की थीम पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित समारोह में भाग लेंगे। इसका आयोजन आयुर्वेद, योग, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी विभाग (आयुष) ने किया है। इसके बाद वह सुबह नई दिल्ली रवाना होंगे।

Tags:

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download

Latest News

जितने साल से मोदी प्रधानमंत्री हैं, उतने साल जवाहरलाल नेहरू देश के लिए जेल में रहे थे: प्रियंका वाड्रा जितने साल से मोदी प्रधानमंत्री हैं, उतने साल जवाहरलाल नेहरू देश के लिए जेल में रहे थे: प्रियंका वाड्रा
Photo: priyankagandhivadra FB Page
कर्नाटक में भाजपा ने विपक्ष के रूप में अपनी ज़िम्मेदारियां छोड़ दी हैं: प्रियांक खरगे
'वंदे मातरम्' अंग्रेजों के लिए चुनौती और देश के लिए शक्ति की चट्टान बन गया था: प्रधानमंत्री
इंडिगो मामला: उच्चतम न्यायालय ने याचिका पर तत्काल सुनवाई से इन्कार किया
इंडिगो: सातवें दिन भी दिक्कत जारी, बेंगलूरु से 127 उड़ानें रद्द
पश्चिम बंगाल में ध्रुवीकरण का दांव
गोवा नाइटक्लब: मालिकों और कार्यक्रम आयोजकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज, सरपंच हिरासत में