सेना ने चीन के साथ ताजा वार्ता के बाद कहा- पूर्वी लद्दाख में लंबित मुद्दों पर कोई नतीजा नहीं निकला

सेना ने चीन के साथ ताजा वार्ता के बाद कहा- पूर्वी लद्दाख में लंबित मुद्दों पर कोई नतीजा नहीं निकला

दोनों पक्ष जमीनी स्तर पर स्थिरता बनाए रखने तथा संवाद कायम रखने पर सहमत हुए


नई दिल्ली/भाषा। भारतीय सेना ने सोमवार को कहा कि चीन की सेना के साथ रविवार को हुई 13वें दौर की वार्ता में पूर्वी लद्दाख में लंबित मुद्दों पर कोई समाधान नहीं निकल पाया है।

Dakshin Bharat at Google News
भारतीय सेना ने कहा कि वार्ता के दौरान भारतीय पक्ष ने बाकी के क्षेत्रों में मुद्दों के समाधान के लिए सकारात्मक सुझाव दिए, लेकिन चीनी पक्ष उनसे सहमत नहीं लगा और वह आगे बढ़ने की दिशा में कोई प्रस्ताव भी नहीं दे सका।

सेना ने एक वक्तव्य में कहा, ‘बैठक में, बाकी के क्षेत्रों में मुद्दों के समाधान के लिए किसी नतीजे पर नहीं पहुंचे।’

यह वार्ता पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी)पर चूशुल-मोल्दो सीमा क्षेत्र में चीन की तरफ रविवार को हुई। वार्ता करीब साढ़े आठ घंटे तक चली।

सेना ने कहा कि वार्ता के दौरान भारतीय पक्ष ने इस बात का उल्लेख किया कि एलएसी पर जो हालात बने वे यथास्थिति को बदलने के चीन के ‘एकतरफा प्रयासों’ के कारण पैदा हुए हैं और यह द्विपक्षीय समझौतों का उल्लंघन भी करते हैं।

उसने कहा, ‘इसलिए यह आवश्यक है कि चीनी पक्ष वास्तविक नियंत्रण रेखा पर अमन और चैन की बहाली के लिए बाकी के क्षेत्रों में उचित कदम उठाए।’ भारतीय पक्ष ने जोर देकर कहा कि बाकी के क्षेत्रों में लंबित मुद्दों के समाधान से द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति होगी।

सेना ने कहा, ‘बैठक के दौरान भारतीय पक्ष ने बाकी के क्षेत्रों में मुद्दों के समाधान के लिए सकारात्मक सुझाव दिए, लेकिन चीनी पक्ष उनसे सहमत नहीं लगा। उसने इस दिशा में आगे बढ़ने को लेकर कोई प्रस्ताव भी नहीं दिए।’

उसने कहा कि दोनों पक्ष जमीनी स्तर पर स्थिरता बनाए रखने तथा संवाद कायम रखने पर सहमत हुए।

सेना ने कहा, ‘हम उम्मीद करते हैं कि चीनी पक्ष द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण परिदृश्य को ध्यान में रखेगा और द्विपक्षीय समझौतों और नियमों का पालन करते हुए लंबित मुद्दों के जल्द समाधान के लिए काम करेगा।’

देश-दुनिया के समाचार FaceBook पर पढ़ने के लिए हमारा पेज Like कीजिए, Telagram चैनल से जुड़िए

Tags:

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download

Latest News

स्थानीय निकाय चुनावों में एलडीएफ उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा: पी विजयन स्थानीय निकाय चुनावों में एलडीएफ उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा: पी विजयन
Photo: PinarayiVijayan FB Page
थरूर ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में नगर निकाय चुनाव जीतने पर भाजपा को बधाई दी
लियोनेल मेस्सी मामला: ममता बनर्जी ने कोलकाता कार्यक्रम में 'कुप्रबंधन' को लेकर जांच के आदेश दिए
पाकिस्तानी एजेंटों को भेज रहा था खुफिया सूचना, वायुसेना का एक सेवानिवृत्त जवान गिरफ्तार!
'जो देश-प्रदेश को घुसपैठियों के सहारे चलाना चाह रहे थे, उन्हें बिहार की जनता ने बाहर का रास्ता दिखाया'
नेपाल में जेन ज़ी आंदोलन की वजह से हुआ 84 अरब रुपए से ज़्यादा का नुकसान: रिपोर्ट
यह अभिव्यक्ति नहीं, विषवमन है