दीपक प्रकाश झारखंड प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष बने

दीपक प्रकाश झारखंड प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष बने

दीपक प्रकाश

रांची/भाषा। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री दीपक प्रकाश को पार्टी की झारखंड प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने मंगलवार को जारी बयान में सूचित किया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने दीपक प्रकाश को झारखंड की प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है।

दीपक प्रकाश अब तक भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री थे। अब तक प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा थे। इससे पूर्व, हाल में भाजपा में अपने दल झारखंड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) का विलय करने वाले राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को सोमवार को ही भाजपा विधायक दल का सर्वसम्मति से नेता चुना गया था।

इसके बाद भाजपा ने विधानसभा में सबसे बड़ा विपक्षी दल होने के नाते मरांडी को विपक्ष का नेता बनाए जाने की विधानसभा अध्यक्ष से अनुशंसा की थी। गौरतलब है कि नवंबर-दिसंबर 2019 में राज्य विधानसभा चुनावों में सत्ताधारी भाजपा की हार हुई थी और उसे 25 सीटों मिली थी, जबकि 2014 के चुनावों में भाजपा ने अकेले 37 सीटें जीती थीं।

इस वर्ष जनवरी में राज्य में विधानसभा के पहले सत्र में भाजपा ने अपने विधायक दल के नेता का चुनाव नहीं किया जिससे सदन में विपक्ष का नेता मनोनीत नहीं किया जा सका था।

Google News
Tags:

About The Author

Post Comment

Comment List

Advertisement

Latest News