मप्र में तबादला उद्योग, कमलनाथ सरकार ने कमाए 281 करोड़, 60 माह में क्या होगा: शाह

मप्र में तबादला उद्योग, कमलनाथ सरकार ने कमाए 281 करोड़, 60 माह में क्या होगा: शाह

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह

चुनावी जनसभाओं में कांग्रेस पर खूब बरसे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष

राजगढ़/दक्षिण भारत। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने गुरुवार को मध्य प्रदेश के राजगढ़ में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि मप्र की सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार ने यहां ‘तबादला उद्योग’ शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि एक-एक अधिकारी के तीन-तीन तबादले हुए।

Dakshin Bharat at Google News
शाह ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जब इनके एक करीबी के यहां आयकर का छापा पड़ा तो 281 करोड़ रुपए की काली कमाई पकड़ में आई। शाह ने लोगों से सवाल किया, जरा सोचिए, इन्होंने तीन महीने में 281 करोड़ की कमाई कर ली, तो ये 60 महीनों में प्रदेश का क्या हाल करेंगे?

शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी ऐसे नेता हैं जिनकी राह देश की जनता 70 साल से देख रही थी कि एक नेता ऐसा आए जो इस देश के करोड़ों गरीबों और किसानों के उत्थान और विकास के लिए कार्य करे।

शाह ने कहा कि मोदी ने पांच साल में देश के गांव, गरीब, किसान का भाग्य बदलने का प्रयास किया। पांच साल में मोदी सरकार ने 7 करोड़ से ज्यादा गरीब माताओं के घर में गैस चूल्हा पहुंचाने का काम किया। आठ करोड़ गरीबों के घर में शौचालय बनाए गए।

शाह ने कहा कि राहुल बाबा एंड कंपनी गरीबों की बात करती है। इनके परिवार ने 55 साल तक देश में राज किया और सिर्फ गरीबी हटाओ का नारा ही दिया। नरेंद्र मोदी सरकार ने देश से गरीबी हटाने के लिए कई काम किए हैं। मोदी सरकार ने देश के हर गांव में बिजली पहुंचाई। आजादी के 70 साल बाद भी 19 हजार गांव ऐसे थे जहां बिजली नहीं पहुंची थी। आज देश में कोई गांव ऐसा नहीं है जहां बिजली न हो।

शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने किसान सम्मान निधि योजना शुरू की है, लेकिन मध्य प्रदेश के किसानों को इसका लाभ नहीं मिलता, क्योंकि कमलनाथजी किसानों की सूची ही नहीं भेजते हैं। कमलनाथजी, आप कब तक सूची नहीं भेजोगे? अगर आप नहीं भी भेजोगे तो हम कोई ओर तरीका निकाल लेंगे।

शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने सबसे बड़ा काम देश के 50 करोड़ गरीबों को 5 लाख तक का सारा स्वास्थ्य का खर्चा उठाने का किया है। उन्होंने कहा कि सोनिया-मनमोहन की सरकार ने 13वें वित्त आयोग के अंतर्गत मध्य प्रदेश को मात्र 1 लाख 34 हजार करोड़ रुपए दिए थे, लेकिन मोदी सरकार ने मात्र 5 साल के कार्यकाल में 5 लाख 35 हजार 921 करोड़ रुपए मध्य प्रदेश के विकास के लिए दिए।

शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर के अलगाववादी संगठनों पर प्रतिबंध लगाया। वर्षों से यासीन मलिक को पकड़ने की कोई हिम्मत नहीं करता था। भाजपा की सरकार ने यासीन मलिक को उठाकर जेल की सलाखों के पीछे डालने का काम किया है। मोदी सरकार ने आतंकवादियों को सीधा करने का काम किया है। जम्मू-कश्मीर में आतंकी घटनाएं होती थीं, लेकिन जेकेएलएफ और जमात ए इस्लामी पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाता था। मोदी सरकार ने इन अलगाववादी संगठनों पर प्रतिबंध लगाने का काम किया।

शाह ने कहा कि मसूद अजहर ने कई बम धमाके कराए, लेकिन इसे कोई अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित नहीं करा पाया। कल भारत के लिए स्वर्णिम दिन था, मसूद अजहर को अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित किया गया। नरेंद्र मोदी ने अपनी कूटनीति से पाकिस्तान को अलग-थलग करने का काम किया है।

इसी प्रकार शाह ने नीमच में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि दस साल तक देश में यूपीए की सरकार थी, तब महंगाई आसमान छू रही थी, तब देश में ऐसी सरकार थी जो फैसले नहीं ले पाती थी। ऐसी सरकार जिसका हर मंत्री खुद को प्रधानमंत्री मानता था और प्रधानमंत्री को ही कोई प्रधानमंत्री नहीं मानता था।

शाह ने कहा कि मध्य प्रदेश में 15 साल पहले जब श्रीमान् बंटाधार की सरकार थी, तो राज्य को गड्ढेवाली सड़कों के नाम से, अंधेरे के नाम से और भ्रष्टाचार के नाम से जाना जाता था। शिवराजजी की सरकार ने राज्य को बीमारू राज्य से निकालकर विकसित राज्य बनाया।

शाह ने कहा कि बालाकोट में एयर स्ट्राइक के बाद मायावती, अखिलेश और राहुल बाबा की पूरी फौज साक्ष्य मांगती थी। अरे, इन्हें थोड़ी-सी अक्ल होती तो पाकिस्तान के टीवी चैनल खोलकर देख लेते। उनकी रोती शक्ल देखकर साक्ष्य खुद मिल जाता।

देश-दुनिया की हर ख़बर से जुड़ी जानकारी पाएं FaceBook पर, अभी LIKE करें हमारा पेज.

Tags:

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download

Latest News