कांग्रेस पर जमकर बरसे मोदी- ‘जितना कीचड़ उछालोगे, उतना ही कमल खिलेगा’
कांग्रेस पर जमकर बरसे मोदी- ‘जितना कीचड़ उछालोगे, उतना ही कमल खिलेगा’
भोपाल। मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के ‘कार्यकर्ता महाकुंभ’ को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हम भाग्यवान हैं कि हमें मां भारती की सेवा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि देश के 19 राज्यों में भाजपा की सरकार होना गर्व की बात है, लेकिन दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी होना उससे भी ज्यादा गर्व की बात है।
प्रधानमंत्री मोदी ने स्व. पं. दीनदयाल उपाध्याय का स्मरण किया और कहा कि आज उनका जन्मदिन है। उनके विचार, चिंतन हमारे लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ‘पं. दीनदयाल उपाध्याय’ के सम्मान में नारे लगवाए। मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को भी याद किया। वे बोले, इस धरती ने अटल विहारी वाजपेयी को जन्म दिया और उन्होंने दुनिया में देश का नाम रोशन किया।प्रधानमंत्री मोदी ने महात्मा गांधी, रामनोहर लोहिया और दीनदयाल उपाध्याय को याद करते हुए कहा कि देश इन्हें नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि हमें ये तीनों महापुरुष मंजूर हैं, क्योंकि हम समन्वय में विश्वास रखते हैं। मोदी ने केंद्र सरकार की नीतियों के बारे में कहा कि हम समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने वाटबैंक की राजनीति को नुकसानदेह बताते हुए कहा कि इससे देश को मुक्त करवाना भाजपा की जिम्मेदारी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक दिल्ली में यूपीए की सरकार थी और जिन राज्यों में भाजपा की सरकार थी, वहां की जनता को कांग्रेस दुश्मन समझती थी। उन्होंने कहा कि 10-10 साल तक जिन्होंने मध्य प्रदेश के साथ दुश्मनी रखी, उन्हें सजा मिलनी चाहिए।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कुछ लोगों ने मध्य प्रदेश को बीमारू की श्रेणी में ला दिया था। उन्होंने कहा कि आज जब रैंकिंग होती है तो मध्य प्रदेश नंबर एक पर होता है। उन्होंने इसके लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को धन्यवाद कहा। मोदी ने कांग्रेस के लिए कहा कि जिस पार्टी ने 50-60 साल तक देश पर शासन किया, उसे माइक्रोस्कोप लेकर ढूंढ़ना पड़ता है कि कहीं बची है कि नहीं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर अहंकार करने का आरोप लगाया और कहा कि उसे आत्मचिंतन करने की जरूरत है। मोदी ने कहा कि कांग्रेसियों का अंहकार उन्हें भारी पड़ गया। उन्होंने कांग्रेस पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और कहा कि कुछ लोग कुर्सी को अपना खानदानी हक समझते हैं।
पिछले कई दिनों से हो रही महागठबंधन की चर्चाओं पर मोदी ने कहा कि कांग्रेस छोटे-छोटे दलों के पैर पकड़ रही है। यदि समय रहते कांग्रेस के नेताओं ने आत्मचिंतन किया होता तो यह नौबत नहीं आती। उन्होंने भाजपा के लिए कहा कि वह धनबल से नहीं जनबल से चुनाव लड़ती है। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को अपना बूथ सबसे मजबूत रखने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह वोटबैंक की राजनीति के कारण तीन तलाक को खत्म नहीं करवाना चाहती। उन्होंने कहा कि सवा सौ साल पुरानी पार्टी में कुछ नहीं बचा है। अब कांग्रेस बोझ बन गई है। मोदी ने कांग्रेस द्वारा खुद के लिए इस्तेमाल किए गए शब्दों पर कहा कि शब्दकोश में कोई ऐसी गाली नहीं जो कांग्रेस ने मुझ पर इस्तेमाल न की हो। उन्होंने कहा, ऐसा कोई मौका नहीं मिला जब हम पर कीचड़ न उछाला गया हो, लेकिन जितना कीचड़ उछालोगे, उतना ही कमल खिलेगा। प्रधानमंत्री के इस भाषण पर कार्यकर्ताओं ने खूब तालियां बजाईं। सोशल मीडिया पर भी उनका भाषण खूब शेयर हुआ।
भी पढ़िए:
– इस देश का राजकुमार समोसा ‘चुराते’ कैमरे में हुआ कैद, वायरल हो रहा वीडियो
– टीम इंडिया के हाथों पाक की धुनाई देख मैच बीच में छोड़कर चले गए मुशर्रफ, उड़ रहा मजाक
– भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह ने ‘टिप-टिप बरसा’ पर मचाया धमाल, हिट हुआ वीडियो
– इस शख्स ने किया था शादी के लिए मना, इसलिए अब तक सिंगल हैं एकता कपूर!
– इस शहर में बढ़ता जा रहा लुटेरी दुल्हनों का जाल, रुपया और जेवर लूटकर हो रहीं फरार