कर्नाटक: झरने पर फंसे 5 पर्यटकों को स्थानीय लोगों ने बचाया
घटना दक्षिण कन्नड़ जिले के मूडबिद्री तालुक के पुट्टीगे गांव के पलाडका में हुई

Photo: Google Map
मंगलूरु/दक्षिण भारत। एरागुंडी झरने के ऊपर फंसे पांच पर्यटकों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बचा लिया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना रविवार को दक्षिण कन्नड़ जिले के मूडबिद्री तालुक के पुट्टीगे गांव के पलाडका में हुई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पर्यटकों ने स्थानीय निवासियों की चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया था और झरने के ऊपरी हिस्से पर चढ़ गए थे, लेकिन नदी में अचानक जल स्तर बढ़ने के कारण वे फंस गए और मदद के लिए चिल्लाने लगे थे।स्थानीय निवासियों की त्वरित कार्रवाई के कारण रस्सियों का उपयोग करके सभी पांच व्यक्तियों को सुरक्षित स्थान पर खींच लिया गया। सौभाग्य से, किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं मिली।
अधिकारियों ने पहले ही लोगों को भारी बारिश के दौरान झरनों और पहाड़ी इलाकों में न जाने के लिए आगाह किया था। हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि कुछ पर्यटकों द्वारा इन सलाहों की अवहेलना करने की प्रवृत्ति स्थानीय लोगों और बचाव दलों के लिए चुनौतियां बनी हुई है।
पिछले तीन दिनों से कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों में भारी मानसूनी बारिश हो रही है, जिससे दक्षिण कन्नड़ जिले में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। अधिकारियों को रेड अलर्ट जारी करना पड़ा है तथा आपदा प्रतिक्रिया दल तैनात करने पड़े हैं।