अंबेडकर की प्रेरणा से देश सामाजिक न्याय के लिए समर्पित: मोदी
कांग्रेस ने भी प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई

Photo: narendramodi FB Page
नई दिल्ली/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भीमराव अंबेडकर को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा से ही देश आज सामाजिक न्याय के सपने को साकार करने के लिए समर्पित है।
मोदी ने एक्स पर कहा कि उनके सिद्धांत और विचार 'आत्मनिर्भर' और विकसित भारत के निर्माण को मजबूती और गति देंगे।बाद में मोदी, डॉ. अंबेडकर को श्रद्धांजलि देने के लिए संसद में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और विपक्ष के नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे सहित कई अन्य गणमान्य लोगों के साथ शामिल हुए।
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने डॉ. अंबेडकर को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। बोस ने कहा कि समावेशी समाज के लिए अंबेडकर का दृष्टिकोण हमें प्रेरित करता है और आगे के मार्ग पर हमारा मार्गदर्शन करता है।
राजभवन की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, 'भारत के महानतम सपूतों में से एक डॉ. बीआर अंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और उनकी विरासत का सम्मान करते हैं। यह दिन समानता, न्याय और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने का संकल्प लेने का उपयुक्त अवसर है।'
भीमराव अंबेडकर की जयंती पर कांग्रेस ने सामाजिक न्याय के उनके विचार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि वह संवैधानिक मूल्यों और लोकतंत्र की सुरक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहने की शपथ लेती है।
बता दें कि अंबेडकर को अनुसूचित जातियों के सशक्तीकरण के लिए उनके आजीवन संघर्ष और संविधान का मसौदा तैयार करने में प्रमुख भूमिका के लिए जाना जाता है।