पंचायतों को शक्ति हस्तांतरण के मामले में शीर्ष पर है कर्नाटक: सिद्दरामय्या
उन्होंने कहा कि इससे सरकार की प्रतिबद्धता का पता चलता है

Photo: Siddaramaiah.Official FB Page
बेंगलूरु/दक्षिण भारत। मुख्यमंत्री सिद्दरामय्या ने रविवार को कहा कि भारतीय लोक प्रशासन संस्थान (आईआईपीए) और पंचायती राज मंत्रालय के एक अध्ययन के अनुसार, पंचायतों को शक्ति हस्तांतरण के मामले में कर्नाटक पहले स्थान पर है।
उन्होंने कहा कि यह मान्यता जमीनी स्तर पर लोकतंत्र को सशक्त बनाने के प्रति उनकी सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।सिद्दरामय्या ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'मुझे यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि भारतीय लोक प्रशासन संस्थान (आईआईपीए) और पंचायती राज मंत्रालय के एक अध्ययन के अनुसार, कर्नाटक को पंचायतों को शक्ति हस्तांतरण में प्रथम स्थान मिला है, जो वित्तीय स्वायत्तता और जवाबदेही में देश में अग्रणी है।'
उन्होंने राज्य की उपलब्धियों के बारे में कहा, 'विकेंद्रीकरण सूचकांक में शीर्ष स्थान (72.23) पर। वित्त और जवाबदेही में अग्रणी। प्रभावी वित्तीय विकेंद्रीकरण और समय पर निधि जारी करना। 15वें वित्त आयोग के अनुदानों का कुशल उपयोग। मजबूत ग्राम सभाएं और सामाजिक लेखा परीक्षा।'
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्री प्रियांक खरगे के नेतृत्व में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने यह सुनिश्चित करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है कि पंचायतों को ग्रामीण विकास के लिए संसाधन और स्वायत्तता मिले।
उन्होंने कहा कि विकेंद्रीकरण केवल एक अवधारणा नहीं है। यह कर्नाटक में एक जीवंत वास्तविकता है। एक मजबूत पंचायत प्रणाली का मतलब है- मजबूत ग्रामीण विकास, भागीदारीपूर्ण लोकतंत्र और समावेशी विकास।
About The Author
Related Posts
Latest News
