पेले की सेहत के लिए दुनियाभर में प्रशंसक कर रहे दुआएं

पेले को कैंसर है, जो अगले चरण में पहुंच गया है

पेले की सेहत के लिए दुनियाभर में प्रशंसक कर रहे दुआएं

तीन बार के विश्वकप विजेता अस्पताल में डॉक्टरों की गहन देखरेख में हैं

साओ पाउलो/दक्षिण भारत। ब्राजील के दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी पेले की सेहत के लिए दुनियाभर में उनके प्रशंसक दुआएं कर रहे हैं। वे नवंबर के आखिर से अल्बर्ट आइंस्टीन अस्पताल में भर्ती हैं। सोशल मीडिया पर प्रशंसक उनके रिकॉर्ड से संबंधित जानकारी पोस्ट करते हुए उनकी दीर्घायु के लिए कामना कर रहे हैं।

बता दें कि पेले को कैंसर है, जो अगले चरण में पहुंच गया है। तीन बार के विश्वकप विजेता अस्पताल में डॉक्टरों की गहन देखरेख में हैं, लेकिन उनकी सेहत में कोई खास सुधार होता नजर नहीं आ रहा है। 

पेले के पुत्र एडिन्हो द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई एक तस्वीर लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है, जिसमें वे अपने पिता का हाथ थामे हुए हैं। 

जानकारी के अनुसार, सितंबर में सेहत संबंधी दिक्कतें ज्यादा होने के बाद पेले का ऑपरेशन हुआ था। इस दौरान उनका ‘कोलोन ट्यूमर’ निकाल दिया गया था। 

वहीं, स्थानीय मीडिया रिपोर्टों मे बताया गया है कि पेले को कीमोथैरेपी दी गई, लेकिन उसका कोई असर नहीं हुआ। यह भी कहा जा रहा है कि कैंसर से हृदय और गुर्दों पर असर हो रहा है। 

23 अक्टूबर, 1940 को ट्रेस कोराकोस में जन्मे पेले का पूरा नाम एडसन अरांतेस डो नैसिमेंटो है। वे 20वीं सदी की सबसे सफल और लोकप्रिय खेल शख्सियतों में शुमार किए जाते हैं। साल 1999 में, उन्हें अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति द्वारा एथलीट ऑफ द सेंचुरी नामित किया गया और 20वीं सदी के 100 सबसे महत्वपूर्ण लोगों की टाइम सूची में शामिल किया गया था।

साल 2000 में, पेले को इंटरनेशनल फ़ेडरेशन ऑफ़ फ़ुटबॉल हिस्ट्री एंड स्टैटिस्टिक्स द्वारा वर्ल्ड प्लेयर ऑफ़ द सेंचुरी चुना गया था। वे फीफा प्लेयर ऑफ़ द सेंचुरी के दो संयुक्त विजेताओं में से एक रहे हैं। 1,363 खेलों में उनके 1,279 गोल, जिसमें मैत्री मैच शामिल हैं, को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के रूप में मान्यता प्राप्त है। ब्राजील ने 1958, 1962 और 1970 में विश्वकप जीता था, जिसमें पेले का महत्वपूर्ण योगदान था।

About The Author

Related Posts

Post Comment

Comment List

Advertisement

Advertisement

Latest News