आठ फेरे लेकर पहलवान विवेक संग शादी के बंधन में बंधीं दंगल गर्ल बबीता फोगाट

आठ फेरे लेकर पहलवान विवेक संग शादी के बंधन में बंधीं दंगल गर्ल बबीता फोगाट

दंगल गर्ल बबीता फोगाट की शादी की एक तस्वीर

भिवानी/भाषा। रविवार देर शाम दंगल गर्ल बबीता फोगाट आठ फेरे लेकर भारत केसरी पहलवान विवेक सुहाग के साथ शादी के बंधन में बंध गईं। दोनों ने सात फेरों की बजाय आठ फेरे लेकर ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का संदेश दिया।

Dakshin Bharat at Google News
बलाली गांव में बड़े ही साधारण तरीके से संपन्न हुए इस शादी समारोह में परिवार के अलावा कई विदेशी पहलवान भी मौजूद रहे। शादी समारोह को लेकर दोनों ही परिवारों में पिछले एक सप्ताह से तैयारियां जोरों पर थीं। रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे बारात बलाली पहुंची जहां बबीता के परिवार के लोगों ने दूल्हे विवेक और शादी में आए मेहमानों के लिए खास तौर पर हरियाणवी देसी खाना तैयार कराया गया जिसमें देशी घी का हलवा, सरसों का साग, खीर-चूरमा, बाजरा रोटी, चटनी सहित सभी व्यंजन थे। शादी बिना दान-दहेज और साधारण रीति-रिवाज तथा तमाम हिंदू रस्मों के साथ संपन्न हुई।

परिजनों ने बताया कि बढ़िया तरीके से संपन्न हुई इस शादी को लेकर दोनों ही परिवार बहुत खुश हैं। रविवार को हुई शादी में सिर्फ 21 बाराती ही आए और साधारण तरीके से शादी का कार्यक्रम हुआ। दो दिसंबर यानी सोमवार को दोनों पक्षों की ओर से दिल्ली में एक कार्यक्रम रखा गया है जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्रियों के अलावा मुख्यमंत्री मनोहर लाल सहित अनेक नेताओं, देशी और विदेशी पहलवानों के आने की उम्मीद है। खुद बबीता और विवेक सुहाग ने तमाम बड़ी हस्तियों से मिलकर उन्हें न्योता दिया था।

बबीता की करीब पांच साल से दिल्ली के नजफगढ़ के विवेक सुहाग से दोस्ती थी। दोनों की मुलाकात दिल्ली ताज होटल में एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी। इसी दौरान उनकी दोस्ती प्यार में बदली। इसके बाद दोनों ने अपने-अपने परिवार से रिश्ते को लेकर बात की और शादी करने की इच्छा जताई। इसी साल दो जून को दोनों के परिवारों ने इस रिश्ते को मंजूरी दे दी थी।

चरखी दादरी जिले के गांव बलाली निवासी बबीता फोगाट और विवेक झज्जर जिले के गांव मातनहेल के मूल निवासी हैं। विवेक अब दिल्ली के नजफगढ़ में रह रहे हैं। भारत केसरी खिताब जीत चुके पहलवान विवेक फिलहाल भारतीय रेलवे में कार्यरत हैं।

Tags:

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download

Latest News